चार साल से फरार नाबालिग दुष्कर्म मामले का आरोपी यूपी से गिरफ्तार, गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Gopalganj Minor Kidnapping Case: गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 के नाबालिग अपहरण एवं दुष्कर्म मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पीड़िता के न्यायालय में दिए गए बयान के आधार पर कार्रवाई की गई.

Gopalganj Minor Kidnapping Case: भोरे थाना पुलिस ने वर्ष 2022 के चर्चित नाबालिग लड़की के अपहरण एवं दुष्कर्म मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल उर्फ रामबिहारी ठाकुर, निवासी हरामपुर गांव, गौरी बाजार थाना क्षेत्र, देवरिया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. यह कार्रवाई भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय एवं सब-इंस्पेक्टर प्रमोद पुष्प के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी कर की.

2022 में दर्ज हुआ था अपहरण का मामला

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में भोरे थाना क्षेत्र के सिसई बाजार निवासी एक महिला ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सिसई बाजार में आर्केस्ट्रा पार्टी संचालित करने वाले राहुल सिंह तथा उसमें कार्यरत मुन्ना कुमार शर्मा, प्रदीप राम एवं अन्य लोगों ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपहरण कर लिया. इस मामले में भोरे थाना कांड संख्या 363/22 दर्ज किया गया था.

नाबालिग के न्यायालय में दिए बयान के बाद बढ़ी जांच

पुलिस ने बाद में नाबालिग को सकुशल बरामद कर न्यायालय में प्रस्तुत किया. पुलिस के अनुसार, न्यायालय में दर्ज धारा 164 के बयान में पीड़िता ने आरोप लगाया कि अपहरण के बाद उसे विभिन्न स्थानों पर रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया.

इसी बयान के आधार पर जांच के दौरान अनिल उर्फ रामबिहारी ठाकुर का नाम सामने आया. इसके बाद उसे मामले में गैर-प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया.

गुप्त सूचना पर उत्तर प्रदेश में हुई छापेमारी

पुलिस को आरोपी के देवरिया स्थित पैतृक घर में होने की सूचना मिली. इसके बाद भोरे पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के हरामपुर गांव में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.

पुलिस ने कहा— जांच आगे भी जारी

भोरे थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है. यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में फटा दूध खाने से एक ही परिवार के 10 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, सदर अस्पताल में भर्ती

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suresh rai

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >