Gopalganj Fertilizer: गोपालगंज जिले में उर्वरक की उपलब्धता और किसानों को समय पर खाद मुहैया कराने को लेकर डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं के साथ समीक्षा बैठक की गयी. बैठक में उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री तथा उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद टैग करने जैसे मामलों की समीक्षा की गयी.
सरकारी मूल्य पर ही किसानों को मिले उर्वरक
समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी थोक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को उर्वरक निर्धारित सरकारी मूल्य पर ही उपलब्ध कराया जाये. उर्वरक की कालाबाजारी और जमाखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जायेगी. किसानों को खाद खरीदने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया.
हथुआ में रेक प्वाइंट के लिए कृषि निदेशक को भेजा पत्र
किसानों को सुगमतापूर्वक उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हथुआ को रेक प्वाइंट के रूप में अधिसूचित करने की पहल की गयी है. इसके लिए जिला पदाधिकारी, गोपालगंज की ओर से कृषि निदेशक, बिहार, पटना को पत्र भेजा गया है. रेक प्वाइंट निर्धारित होने से जिले में उर्वरक की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
कालाबाजारी और टैगिंग पर भी नजर
बैठक में उर्वरक के साथ जबरन अन्य उत्पादों की बिक्री करने और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने के मामलों पर भी चर्चा की गयी. अधिकारियों ने विक्रेताओं को नियमों का पालन करने और किसानों को बिना किसी अतिरिक्त दबाव के उर्वरक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
