Gopalganj Development: जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिला नवाचार समिति एवं नगर परिषद गोपालगंज तथा आसपास के क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए गठित समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में नगर परिषद क्षेत्र और आसपास के इलाकों के समग्र एवं संतुलित विकास को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी. डीएम ने विकास योजनाओं को गति देने के लिए नवाचार आधारित योजनाओं और जरूरी आधारभूत संरचनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
विकास योजनाओं के लिए सरकारी भूमि चिह्नित करने का निर्देश
बैठक में डीएम ने जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत करने और विभिन्न विकास कार्यों के लिए पर्याप्त भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विकास योजनाओं के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया.
डीएम ने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में भूमि की उपलब्धता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इसलिए अंचल अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर उपयुक्त सरकारी जमीन की पहचान कर उससे संबंधित स्पष्ट प्रस्ताव तैयार करें, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके.
समयबद्ध तरीके से योजनाओं को धरातल पर उतारने पर जोर
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से संबंधित प्रस्तावों पर तेजी से कार्रवाई करते हुए योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
बैठक में नगर परिषद गोपालगंज और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श किया गया.
बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर जोर
बैठक में बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर भी चर्चा हुई. डीएम ने खेलकूद गतिविधियों और आंगनवाड़ी सेवाओं को आपस में जोड़कर बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की आवश्यकता बतायी.
उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना जरूरी है. आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को उपलब्ध करायी जाने वाली सेवाओं के साथ खेलकूद गतिविधियों को जोड़ने से उनके विकास को और बेहतर बनाया जा सकता है.
अधिकारियों ने विकास प्रस्तावों पर किया विचार-विमर्श
बैठक में डीडीसी गौरव कुमार, एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह, डीसीएलआर गोपालगंज समेत समिति के अन्य सदस्य और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया.
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने और विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
