गोपालगंज बाइपास परियोजनाओं में देरी पर डीएम नाराज, भूमि अधिग्रहण जल्द पूरा करने का निर्देश

डीएम समीर सौरभ ने गोपालगंज और मीरगंज बाइपास परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है. उन्होंने भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी लाते हुए परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया है.

Gopalganj Bypass: समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिले में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक हुई. बैठक में डीडीसी गौरव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और तकनीकी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे.

बैठक के दौरान डीएम ने मीरगंज बाइपास और गोपालगंज बाइपास निर्माण परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान विभिन्न स्तरों पर कार्यों में हो रही देरी और अपेक्षित तेजी नहीं आने पर डीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण, स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में अनावश्यक समय नहीं लगाने का निर्देश दिया.

गोपालगंज बाइपास की लंबाई 12.60 किलोमीटर

समीक्षा के दौरान बताया गया कि गोपालगंज बाइपास परियोजना की कुल लंबाई 12.60 किलोमीटर है. परियोजना का कार्य 3 अक्तूबर 2025 को शुरू किया गया था और इसे 2 अप्रैल 2027 तक पूरा करने की संभावित समय-सीमा निर्धारित की गयी है. परियोजना में भूमि अधिग्रहण के साथ वन स्वीकृति से संबंधित प्रक्रिया भी शामिल है.

डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना से जुड़ी सभी लंबित प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाये, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो.

मीरगंज बाइपास के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी का निर्देश

मीरगंज बाइपास निर्माण परियोजना के संबंध में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है. परियोजना से संबंधित एसआइए रिपोर्ट के संबंध में 13 अगस्त 2026 को जनसुनवाई निर्धारित होने की जानकारी भी बैठक में दी गयी. डीएम ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण सड़क और बाइपास परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जायेगा. सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करें.

नियमित समीक्षा कर समय पर पूरा कराएं काम

डीएम ने अधिकारियों को परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं का विभागीय समन्वय के माध्यम से तत्काल समाधान किया जाये. बैठक में संबंधित पदाधिकारियों और तकनीकी विभाग के अधिकारियों ने बाइपास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी डीएम को दी.

इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >