Gopalganj BPSC Exam 2026: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं. 26 जुलाई को जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर कुल 9,028 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक के साथ दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी. परीक्षा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी.
समय से पहले पहुंचें, देर से आने पर नहीं मिलेगा प्रवेश
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है. प्रवेश के समय ई-एडमिट कार्ड और मूल फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा. निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अथवा आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
प्रशासन ने ट्रैफिक और अन्य संभावित समस्याओं को देखते हुए अभ्यर्थियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी है.
मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, कैलकुलेटर, डिजिटल घड़ी एवं अन्य किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी. यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है, तो आयोग के नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए उसे परीक्षा से वंचित भी किया जा सकता है.
हर परीक्षा केंद्र पर रहेगी कड़ी निगरानी
जिले के सभी 17 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे. संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी. नकलमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें, परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें.
साथ ही अभिभावकों से भी परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की अपील की गई है, ताकि परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से हो सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.
इन 17 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
- डीएवी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोपालगंज – 800
- एसएस बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय – 816
- वीएम इंटर कॉलेज – 360
- एमएम मेमोरियल उर्दू उच्च विद्यालय, तुरकहां – 840
- मुखिराम उच्च माध्यमिक विद्यालय, थावे – 312
- इब्राहिम मेमोरियल उच्च विद्यालय, सासामुसा – 504
- श्री रामरतन शाही उच्च विद्यालय, विशुनपुर यादोपुर – 504
- उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुचायकोट – 324
- उच्च माध्यमिक विद्यालय, बसडीला – 360
- उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरसिया – 360
- उच्च माध्यमिक विद्यालय, यादोपुर शुक्ल – 384
- ज्ञानदा इंटरनेशनल विद्यालय, छवही खास – 648
- डीएवी पब्लिक स्कूल, थावे – 720
- बिहार विकास विद्यालय, कुचायकोट – 660
- जेके इंटरनेशनल स्कूल, पहाड़पुर (कुचायकोट) – 252
- कमला राय कॉलेज, गोपालगंज – 834
- उच्च माध्यमिक विद्यालय, कररिया – 350
कुल परीक्षा केंद्र: 17
कुल अभ्यर्थी: 9,028
मुख्य बातें
- 26 जुलाई को होगी बीपीएससी 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा.
- गोपालगंज के 17 केंद्रों पर 9,028 अभ्यर्थी होंगे शामिल.
- सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती.
- ई-एडमिट कार्ड और मूल फोटो पहचान पत्र अनिवार्य.
- मोबाइल, स्मार्ट वॉच समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित.
- नकलमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में फटा दूध खाने से एक ही परिवार के 10 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, सदर अस्पताल में भर्ती
