Sahakari Samiti Vikas: दी गोपालगंज सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के सभागार में सारण प्रमंडल के संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां सैयद मसरूक आलम की अध्यक्षता में सब्जी विपणन संघ द्वारा प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों के कार्यकलापों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में बैंक के अध्यक्ष महेश राय भी शामिल हुए.
बैठक की शुरुआत ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रगान के साथ हुई. संयुक्त निबंधक सैयद मसरूक आलम ने बताया कि सरकार की ओर से प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों में आधारभूत संरचना, प्याज भंडारण और तरकारी आउटलेट के विकास के लिए राशि उपलब्ध करायी जा रही है.
जमीन चिन्हित कर डीसीओ को दें जानकारी
संयुक्त निबंधक ने सभी समितियों को अपने-अपने प्रखंड में जमीन की उपलब्धता के लिए स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थल की जानकारी जिला सहकारिता पदाधिकारी को उपलब्ध करायी जाये, ताकि जिलाधिकारी के स्तर से संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर आधारभूत संरचना के विकास की कार्रवाई तेज की जा सके.
उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना विकसित होने से सब्जी उत्पादक किसानों को अपनी उपज के विपणन और भंडारण में सुविधा मिलेगी तथा उन्हें अधिक लाभ प्राप्त हो सकेगा.
कुचायकोट में गोदाम बनकर तैयार, रंग-रोगन का काम बाकी
डीसीओ दिव्या झा ने समीक्षा के दौरान बताया कि जिलाधिकारी को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए संचिका प्रस्तुत की गयी है. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिये गये हैं.
उन्होंने बताया कि कुचायकोट में आधारभूत संरचना के विकास के तहत गोदाम का निर्माण छत स्तर तक पूरा हो चुका है. अब रंग-रोगन का काम बाकी है. वहीं, रिटेल आउटलेट का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है. मांझा में सीओ की ओर से जमीन उपलब्ध करा दी गयी है. सरकार से राशि प्राप्त होते ही वहां भी कार्य शुरू कराया जायेगा.
पांच हजार रुपये के शेयर और एक हजार रुपये सदस्यता शुल्क का निर्देश
बैठक में सभी सब्जी उत्पादक समितियों के व्यावसायिक विकास, एम-पैक्स, अंकेक्षण की स्थिति और को-ऑपरेटिव बैंक से संबद्धता सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गयी.
समितियों को अपना अंकेक्षण कराने तथा गोपालगंज सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में शेयर और सदस्यता शुल्क जमा कर संबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैंक के प्रबंध निदेशक सुमन कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक समिति को पांच हजार रुपये का एक शेयर और एक हजार रुपये सदस्यता शुल्क जमा करना आवश्यक है. संबद्धता के बाद बैंक की ओर से समितियों और उनके सदस्यों को आवश्यकता के अनुसार वित्त पोषण उपलब्ध कराया जायेगा.
तकनीकी जानकारी के लिए प्रशिक्षण की मांग
बैंक अध्यक्ष महेश राय ने बैठक में सभी का धन्यवाद करते हुए जिला स्तर पर समितियों के कार्यकारिणी सदस्यों और पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी मिलने से समितियां अपने कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित कर सकेंगी और सब्जी उत्पादक किसानों को अधिक लाभ पहुंचाया जा सकेगा.
बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रध्वज के साथ फोटो कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. मौके पर मांझा पीवीसीएस अध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल, कुचायकोट पीवीसीएस अध्यक्ष विकास कुमार, हथुआ के लालबाबू सिंह, फुलवरिया पीवीसीएस अध्यक्ष देवराज सिंह, सिधवलिया पीवीसीएस अध्यक्ष अरविंद कुमार सहित विभिन्न पीवीसीएस के पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
