Gopalganj News: भोरे स्थानीय थाना क्षेत्र के संसारपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बहू पर अपने ही वृद्ध सास-ससुर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. घटना में बुजुर्ग ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
घायल बुजुर्ग की पहचान संसारपुर गांव निवासी ध्रुपाल भगत के रूप में हुई है. उपचार के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बुजुर्ग बोले- बहू के डर से बेटा भी नहीं करता विरोध
अस्पताल में इलाज के दौरान ध्रुपाल भगत ने बताया कि उनका एक ही बेटा है. घर में अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता है. उनका आरोप है कि उनकी बहू आए दिन उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट करती है.
उन्होंने कहा कि बहू के डर के कारण उनका बेटा भी उनके पक्ष में कुछ नहीं बोल पाता और चुप रहता है. इस कारण उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. पीड़ित बुजुर्ग के बयान और शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है.
उन्होंने कहा कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपित के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
