“मैंने तेरे भरोसे हनुमान...” की गूंज से भक्तिमय हुआ गोपालगंज के बथुआ, गलियों में दिखी मथुरा-वृंदावन की झलक

गोपालगंज का बथुआ जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीधाम मथुरा-वृंदावन जैसा भक्तिमय हो उठा. प्रसिद्ध गायक नागेंद्र उजाला और बबीता सागर की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा. राधे-कृष्ण की जीवंत झांकी ने भी मन मोहा.

Shri Krishna Janmotsav: भक्ति, उत्साह और उमंग के पावन संगम में बथुआ बाजार इन दिनों श्रीधाम मथुरा-वृंदावन जैसा नजर आ रहा है. प्रखंड के ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह के छठे दिन भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा. इंसाफ मोड़ स्थित मुख्य सांस्कृतिक पंडाल में प्रसिद्ध अभिनेता व गायक नागेंद्र उजाला की प्रस्तुति पर हजारों की भीड़ झूम उठी.

नागेंद्र उजाला के भजनों पर झूमे श्रद्धालु

सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत होते ही यूपी, बिहार और झारखंड से पहुंचे एक दर्जन से अधिक चर्चित गायकों और मंच कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया. नागेंद्र उजाला ने श्रद्धालुओं की मांग पर कई कृष्ण भजनों की प्रस्तुति दी. इसके बाद उन्होंने लोकगीतों से भी दर्शकों का मनोरंजन किया. उनकी प्रस्तुति पर देर रात तक पंडाल में तालियां गूंजती रहीं.

बबीता सागर की प्रस्तुति ने बांधा समां

सुप्रसिद्ध गायिका बबीता सागर ने भी अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल को और भावपूर्ण बना दिया. उनके मार्मिक गीतों और निर्गुण की प्रस्तुति ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया. इसके अलावा कलाकार बिरसेन सिंह, श्रीराम रसिया और अरसद राज ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. कलाकारों की प्रस्तुतियों का सिलसिला भोर तक चलता रहा.

राधे-कृष्ण की झांकी ने मोहा मन

श्रीपुर रोड स्थित दुर्गा चौक पंडाल में मथुरा से आए कलाकारों ने श्री राधे-कृष्ण की जीवंत झांकी प्रस्तुत की. झांकी देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे. वहीं नौलखिया पंडाल में कलाकार राजेश रसीला और खेसारी टू की टीम ने अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन किया.

डिज्नीलैंड मेले में उमड़ी भीड़

जन्मोत्सव के अवसर पर लगे डिज्नीलैंड मेले में भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. मेले में लगाए गए विशाल झूलों का बच्चों और युवाओं ने जमकर आनंद लिया. हरतालिका तीज पर्व को लेकर लगाए गए विशेष मीना बाजार में महिलाओं की भीड़ रही. महिलाओं ने विभिन्न सामानों की खरीदारी की.

सुरक्षा को लेकर प्रशासन मुस्तैद

उत्सव की भव्यता और भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए. सीओ बीरबल वरुण कुमार, बीडीओ मनीष कुमार श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ पूरी रात क्षेत्र में गश्त करते रहे. अधिकारियों ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर निगरानी रखी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >