गोपालगंज: बैकुंठपुर के सफियाबाद में आपसी विवाद में खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों से एक दर्जन लोग घायल

गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में रविवार को भूमि विवाद ने खूनी रूप ले लिया. खेत की जोताई को लेकर हुए इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्षों से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस कार्रवाई में जुटी है.

Gopalganj News : बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सफियाबाद गांव में रविवार को आपसी भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.

खेत की जोताई को लेकर भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार गांव के दो पक्षों के बीच खेत की जोताई को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. रविवार को एक पक्ष ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने पहुंचा. इसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थर चलने लगे.

एक पक्ष के नौ, दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल

मारपीट में खेत जोतने गए पक्ष के 35 वर्षीय कामेश्वर कुमार, 65 वर्षीय चंदेश्वर साह, 62 वर्षीया भागमती देवी, 50 वर्षीय जलेश्वर साह, 17 वर्षीया सुमन कुमारी, 50 वर्षीया मालती देवी, 20 वर्षीया अमृता कुमारी, 42 वर्षीय राजेश कुमार तथा 71 वर्षीय रविन्द्र नाथ मांझी सहित नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं दूसरे पक्ष की 40 वर्षीया आशा देवी, 30 वर्षीया रीना देवी और 36 वर्षीया रूपमीना देवी भी घायल हो गईं.

चार घायलों को सदर अस्पताल किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलने पर सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर स्थिति को देखते हुए मालती देवी, जलेश्वर साह, भागमती देवी और चंदेश्वर साह को बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी

घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. बैकुंठपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay Kumar Abhay

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >