50 लाख से अधिक की क्षति की आशंका
गोपालगंज : हजियापुर हाइवे के किनारे स्थित शहर के मुख्य पावर सब स्टेशन में शॉट सर्किट से बुधवार की देर शाम आग लग गयी. आग लगते ही आसपास अफरातफरी का माहौल हो गया. तत्काल इसकी सूचना जिला प्रशासन को लोगों ने दी. आग इतनी भयंकर थी कि लोगों को जान बचा कर भागना पड़ा. बाद में दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं. घंटों प्रयास के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका. इस दौरान 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया. ट्रांसफाॅर्मर के जलने से आधा शहर अंधेरे में डूब गया है. इस घटना में 50 लाख से अधिक का नुकसान होने की आशंका जतायी गयी है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार की देर शाम शॉट सर्किट के कारण निकली चिनगारी से ट्रांसफार्मर में आग लग गयी. संभवत: ट्रांसफाॅर्मर से तेल लीकेज हो रहा था. आग पकड़ते ही स्थिति भयावह हो गयी. ट्रांसफाॅर्मर फट गया. आग की लपट बेकाबू हो गयी. आसपास के लोगों ने तत्काल अधिकारियों को सूचना दी. मौके पर नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर बालेश्वर राय पुलिस बल के साथ पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को देख दमकल को सूचना दी.
जिला अग्निशामक पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी पूरी टीम के साथ आग बुझाने में जुट गये. दमकल की टीम पहुंचने से पावर ग्रिड के अन्य ट्रांसफाॅर्मर को बचाया जा सका. इधर मीरगंज में खलिहान में लगी आग से गेहूं की फसल जल कर राख हो गयी. दउनी के लिए जमा किये गये गेहूं के बोझे देखते-देखते जल कर भस्म हो गये. घटना सतई गांव की है. सतई गांव के पोखरे के किनारे खलिहान में गेहूं की फसल की दउनी हो रही थी.
कुछ बोझों की दउनी हो चुकी थी, कुछ रखे हुए थे. बुधवार की दोपहर खलिहान में अचानक लगी आग से कई किसानों के बचे हुए बोझे जल कर राख हो गये. ग्रामीणों के सहयोग से दमकल सहित पुलिस बल ने आग पर काबू पा लिया. थानाध्यक्ष बीपी आलोक ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
