बैकुंठपुर के खैरा आजम गांव के पास हुआ हादसा
बैकुंठपुर : थाना क्षेत्र के खैरा आजम गांव के पास अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पांच साल के बच्चे को कुचल दिया. हादसे में मौके पर ही बच्चे की मौत हो गयी. मृत अंकित कुमारखैरा आजम निवासी अवधेश साह उर्फ कुंदन साह का पुत्र था. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार की शाम अंकित की मां फूलबदन देवी खेत में गेहूं की दउरी के बाद भूसा लाने के लिए जा रही थी. मां को घर से निकलते देख पीछे-पीछे अंकित भी आने लगा. इस बीच महम्मदपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक राजापुर की तरफ गाड़ी लेकर भाग निकला.
इधर, आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी. बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीत्कार मच गया. पिता कोलकाता में दुकान चलाते हैं. चार पुत्रों में तीसरे नंबर पर अंकित कुमार था. इस मामले को लेकर परिजनों ने स्थानीय थाने की पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने हादसे के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.
