विजयीपुर : विजयीपुर थाना क्षेत्र के सुअरहां गांव में ससुराल पक्ष वालों द्वारा शादी में दहेज कम मिलने पर अपनी ही बहू की जला कर कर हत्या कर दी गयी. इसके बाद इलाज के लिए ले जाने के बहाने शव को भी जला दिया गया. इस संबंध में मृतका के पिता ने स्थानीय थाने में ससुराल पक्ष के लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है.
देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र के भवानी छापर गांव के सियाराम सिंह ने अपनी पुत्री कुंती की शादी वर्ष 2005 में विजयीपुर थाना क्षेत्र के सुअरहां गांव के राधाकृष्ण सिंह के पुत्र मुन्ना सिंह के साथ की थी. मृतका के पिता ने आरोप लगाते हुए बताया है कि शादी के बाद से ही मेरी बेटी को दहेज के लिए ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था. इस दौरान कई बार पंचायती भी की गयी थी.
ससुराल पक्ष के द्वारा मेरी बेटी की 13 अप्रैल की शाम जला कर हत्या कर दी गयी तथा इलाज कराने के नाम पर देवरिया, गोरखपुर तथा लखनऊ में घुमा कर शव को जला दिया गया. इस घटना को लेकर मृतका के पिता ने विजयीपुर थाने में सास पटकीली देवी, ससुर राधाकृष्ण सिंह, दामाद मुन्ना सिंह तथा ननद पप्पी देवी पर जला कर हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है.
