अधिकारियों की टीम ने शुरू की जांच-पड़ताल
मीरगंज के आधा दर्जन से अधिक अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर की गयी छापेमारी
गोपालगंज : मरीजों की सेहत के साथ हो रहे खिलवाड़ को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अल्ट्रासाउंड की जांच के लिए टीम गठित की है. यह टीम जिले के प्रत्येक अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापेमारी कर सघन जांच करेगी. जांच टीम अवैध रूप से चल रहे 29 अल्ट्रासाउंड केंद्रों को मुख्य रूप से टारगेट करेगी. इसी क्रम में मीरगंज में जांच के कारण अल्ट्रासाउंड संचालकों में हड़कंप मच गया. अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक बेचैन रहे. कई अल्ट्रासाउंड संचालक सेंटर बंद कर भाग खड़े हुए. उचकागांव के सीओ अशोक कुमार शर्मा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ ओपी लाल व स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र सिंह यादव मीरगंज शहर में जांच करने पहुंचे थे.
इसी बीच संचालकों को इसकी जानकारी मिल गयी. कई संचालक फरार हो गये. श्री शर्मा ने बताया कि मीरगंज में डाॅ गौहर आलम के अल्ट्रासाउंड के साथ-साथ सेवा सदन सहित आधा दर्जन सेंटरों की जांच की गयी जिसकी रिपोर्ट वरीय पदाधिकारी को सौंपी जायेगी. जानकार बताते हैं कि अवैध अल्ट्रासाउंड पर सरेआम लिंग का परीक्षण किया जा रहा है. लिंग परीक्षण से भ्रूण हत्या को बढ़ावा मिल रहा है. इसके साथ ही जांच रिपोर्ट पर मरीजों की जान को भी खतरा हो रहा है. डीएम के आदेश पर जिले भर में जांच करायी जा रही है.
