बुधवार की देर रात तक चलती रही छापेमारी
नौ ड्रम शराब जमीन के नीचे छुपा कर रखने की थी सूचना
गोपालगंज : हजियापुर स्थित दलित बस्ती में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में बनायी गयी शराब को जब्त किया है. नौ ड्रम महुआ की बनी शराब मिट्टी में छुपा कर रखे जाने की बात सामने आयी है. हालांकि पुलिस के अधिकारी इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नगर थाने के सब इंस्पेक्टर नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने हजियापुर दलित बस्ती के शराब अड्डे पर छापेमारी की जहां से नौ ड्रम शराब मिलने की बात कही गयी.
इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. होली के पूर्व भी यहां छापेमारी कर 240 बोतल शराब बरामद की गयी थी. खजूरबानी शराबकांड के पूर्व 13 अगस्त, 2016 को जिला शांति समिति की बैठक में हजियापुर दलित बस्ती में शराब बनाये जाने का खुलासा हुआ था. तब से पुलिस की नजर इन अड्डों पर थी. पुलिस इस कारोबार में शामिल माफियाओं की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. देर रात तक पुलिस का ऑपरेशन जारी था.
