गुलाबी होने लगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ झटका देने को तैयार
गोपालगंज : मौसम गुलाबी होने लगा है. धीरे-धीरे मौसम सुहाना बन रहा है. वहीं तापमान चढ़ रहा है. बावजूद इसके गलन बरकरार है. दिन में धूप से राहत मिलती है, तो शाम होते ही ठंड अपना प्रकोप दिखाने लगती है. बुधवार को दिन और रात दोनों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गयी. पिछले दिनों पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते जिले में सर्दी चरम पर पहुंच गयी थी. हालांकि खिचड़ी के बाद मौसम ने फिर करवट बदली. तापमान चढ़ने लगा जिससे लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड से राहत मिली. अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री वहीं रात का तापमान न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया.
तेज धूप व हवा की गति मात्र 6 किलोमीटर प्रति घंटे होने के चलते अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान में भी उछाल आयी. मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडेय ने बताया कि अभी दो – तीन दिनों तक मौसम का खुश्क बना रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ एक बार और झटका देने को तैयार है, जिससे मौसम फिर से पलट सकता है. मौसम विज्ञानियों की मानें, तो दिल्ली से चले बादल तेजी से उत्तर बिहार की ओर बढ़ रहे हैं. सबकुछ सही रहा, तो यहां भी हल्की रिमझिम हो सकती है. मौसम अगर पलटा, तो हवा मुश्किलें और बढ़ा सकती है.
