सतर्कता. थाने से सड़क तक ‘तीसरी आंख’
चौक-चौराहों की सुरक्षा का जिम्मा सीसीटीवी के हवाले
गोपालगंज : चोरी, लूट, छिनतई जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अब हर थानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने की तैयारी चल रही है. सभी कैमरों का सीधा प्रसारण जिला पुलिस कार्यालय के कंट्रोल रूम में होगा. पुलिस अधीक्षक रवि रंजन कुमार ने जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों की सुरक्षा का जिम्मा ‘तीसरी आंख’ के हवाले करने का निर्णय लिया है. पहले चरण में थाना परिसर और उसके होकर गुजरनेवाली सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. दूसरे चरण में प्रमुख चौक-चौराहों पर क्लोज सर्किट कैमरे लगेंगे. सीसीटीवी कैमरा लग जाने के बाद
पुलिसकर्मियों को गुमनाम करनेवाले अपराधी ‘तीसरी आंख’ की बदौलत घटना के कुछ पल बाद ही बेनकाब हो सकेंगे. शातिर से शातिर अपराधी भी इस ‘तीसरी आंख’ में कैद होने से अपने आप को नहीं बचा सकता है. टाउन इंस्पेक्टर बालेश्वर राय ने बताया कि पुलिस स्मार्ट पुलिसिंग के जरिये अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रयासरत है.
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर भी लगेंगे कैमरे : जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के व्यावसायिक इलाकों में चार दर्जन से अधिक क्लोज सर्किट कैमरे लगाये जायेंगे. जिला मुख्यालय के विभिन्न प्रमुख मार्ग व चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने की योजना है. टाउन इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर क्लोज सर्किट कैमरा लगाये जाने के बाद पुलिस को अपराध नियंत्रण में काफी सहयोग मिलेगा. साथ ही बाजार क्षेत्र में होनेवाले सभी प्रकार की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. उन्होंने बताया कि शहर के कई स्थानों पर चारों दिशाओं से होनेवाली आवाजाही को ध्यान में रख कर एक ही जगह चार कैमरे लगाये जायेंगे.
कैमरों का लाइव प्रसारण कंट्रोल रूम से
बोले पुलिस अधीक्षक
टाउन थाने में कैमरा लगाने के बाद अन्य थानों में सीसीटीवी लगाने की तैयारी है. जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी कैमरा लगाने की योजना बनायी गयी है. वाइ-फाइ के माध्यम से अधिकारी इन कैमरों के सामने घटित होनेवाली तमाम गतिविधियों काे देख सकेंगे और उसी के हिसाब से कार्रवाई की जा सकेगी.
रवि रंजन कुमार, एसपी, गोपालगंज
नगर थाना
महिला थाना
एसटी-एससी
जादोपुर
मांझागढ़
बरौली
सिधवलिया
महम्मदपुर
बैकुंठपुर
विशंभरपुर
गोपालपुर
कुचायकोट
कटेया
भोरे
विजयीपुर
फुलवरिया
मीरगंज
हथुआ
उचकागांव
थावे
श्रीपुर ओपी
माधोपुर ओपी
अधिकारियों के मोबाइल पर होगा सीधा प्रसारण
स्मार्ट पुलिसिंग के जरिये अपराध नियंत्रण में जुटी गोपालगंज पुलिस द्वारा क्लोज सर्किट कैमरा के संचालन को लेकर बेहतर रणनीति तैयार की गयी है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगने वाले सीसीटीवी कैमरे का सीधा प्रसारण जहां पुलिस कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में होगा. वहीं जिले के वरीय पुलिस अधिकारी एवं थानाध्यक्ष के स्मार्ट फोन पर भी इस कैमरे का लाइव देखा जा सकेगा. पुलिस विभाग ने सभी सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को इंटरनेट से कनेक्ट कर सॉफ्टवेयर के जरिये मोबाइल एप के माध्यम से सभी अधिकारियों के मोबाइल से जोड़ दिया जायेगा.
