गोपालगंज : ठंड का यह मौसम गेहूं और गन्ना की फसलों के लिए जहां फायदामंद है वहीं, इस मौसम में आलू और मसूर को भारी नुकसान पहुंचा सकता है. राज्य कृषि विभाग की ओर से किसानों को निर्देश जारी किया गया है. इसके आधार पर जिला कृषि विभाग किसानों को छिड़काव करने की सलाह देने की तैयारी में है. जिले में 500 एकड़ में मसूर और 10 हजार एकड़ से अधिक आलू की खेती किसानों ने की है. दोनों ही फसलों के लिए तापमान में भारी उतार-चढ़ाव नहीं होने चाहिए.
यदि रात का तापमान 10 डिग्री से कम और दिन का तापमान 18 डिग्री से एकाएक अधिक होता है तो आलू और मसूर में पिछैती झुलसा रोग का खतरा बढ़ जाता है. वर्तमान का मौसम जिले में कुछ ऐसा ही है. ऐसे में किसानों को चाहिए कि मैमुजेब दवा ढाई ग्राम प्रति लीटर पानी में घोल कर 20 जनवरी तक उसका छिड़काव करें. बचाव ही किसानों की मेहनत को सफल कर सकता है. इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी सुरेश प्रसाद ने कहा कि वर्तमान का मौसम आलू और मसूर के लिए हानिकारक है. किसान इसके लिए छिड़काव अवश्य करें.
