डीएम, एसपी व थानाध्यक्ष की बरखास्तगी की मांग
गोपालगंज : अररिया में माले नेताओं की हुई हत्या के विरोध में माले नेताओं ने विरोध मार्च निकाला. इस दौरान एनएच 28 पर बंजारी मोड़ के समीप चक्का जाम किया गया. इससे एनएच 28 पर दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा. मौके पर माले नेताओं ने सरकार और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की. वहीं, एनएच जाम के दौरान माले कार्यकर्ताओं ने अररिया के डीएम, एसपी व नगर थानाध्यक्ष को बरखास्त करने की मांग की. सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीओ को भी प्रदर्शनकारियों के आक्रोश का शिकार होना पड़ा. एनएच जाम एवं प्रदर्शन के बाद माले कार्यकर्ताओं की एक सभा हुई,
जिसे संबोधित करते हुए इनौस के राज्य परिषद सदस्य आजाद शत्रु ने कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए शराबबंदी का राग अलाप रही है. गरीब, दलित, अल्पसंख्यक एवं महिलाओं पर आये दिन हमले हो रहे हैं. सरकार अपराधियों और भू-माफियों को संरक्षण देने का काम कर रही है. अब तक भूमिहीन दलितों को आवास के लिए तीन डिसमिल जमीन भी नहीं मिली है. माले नेता विद्या सिंह ने कहा कि कॉमरेड सत्य नारायण सिंह व कमलेश्वरी ऋषिदेव के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार किया जाये.
इनौस के जिलाध्यक्ष जितेंद्र पासवान ने कहा कि सरकार मोदी सरकार के तर्ज पर दलित एवं अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले को बढ़ावा दे रही है.
रीना शर्मा ने कहा कि पूरा प्रदेश इन दिनों भ्रष्टाचार की चपेट में है. सरकारी कार्यालय में बिना रिश्वत का कोई काम नहीं होता. इस मौके पर नागेंद्र सिंह, महेश महतो, योगेंद्र शर्मा, जेपी यादव, संजु देवी, असलम मियां, राहुल शर्मा, राजन सिंह, विजय,हेमराज, अजय कुमार आदि मौजूद थे.
