गोपालगंज में बलथरी चेक पोस्ट पर एसपी की कार्रवाई
कुचायकोट : यूपी के बॉर्डर स्थित बलथरी समेकित जांच चौकी (चेक पोस्ट) पर ट्रकों की अवैध इंट्री करा रहे दो माफियाओं को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार माफियाओं के पास से 44 हजार रुपये बरामद किये गये हैं. दोनों माफिया रात में ट्रकों की बिना जांच कराये इमरजेंसी लेन से पार करा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार की रात 3:30 बजे अचानक सादे लिबास में एसपी रविरंजन कुमार मुखबिरों के बताये अनुरूप बाइक से पहुंचे.
उन्होंने खुद ट्रकचालक बन कर माफियाओं से बात की. उस वक्त एमवीआइ अपनी गाड़ी में सो रहे थे. दो ट्रकों को पार कराने के लिए साढ़े चार हजार से शुरू हुआ सौदा ढाइ हजार में तय हुआ.
उसके बाद एसपी ने कुचायकोट के थानेदार महेंद्र कुमार को सूचना दी. महेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस ने दोनों माफियाओं को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से 43890 रुपये बरामद किये गये. गिरफ्तार माफिया बक्सर जिले के कृष्णवरण थाने के सोया गांव के रहनेवाले रवींद्र कुमार और भोजपुर जिले के बड़हरा थाने के थुआ गांव के रामविलास राय के पुत्र अरविंद कुमार राय बताये गये हैं.
दोनों माफियाओं से पुलिस ने सघन पूछताछ की. इस कार्रवाई के बाद परिवहन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस की पूछताछ में कई बड़े लोगों का भी संलिप्तता का भी खुलासा हुआ है. इस मामले में कुचायकोट थाने में थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस माफियाओं के बताये के अनुरूप कांड में जांच तेज कर दी है.
