भड़कुइयां मिडिल स्कूल का मामला
मांझा : स्कूल में पढ़ाई नहीं होने से नाराज छात्रों ने हंगामा किया. सोमवार को भड़कुंइया मिडिल स्कूल खुलते ही छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो गये. ग्रामीणों के साथ नाराज छात्रों ने स्कूल के मुख्य गेट में ताला जड़ दिया. स्कूल के शिक्षक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा कर कार्रवाई की मांग पर अड़ गये. छात्रों के हंगामे से स्कूल में पठन-पाठन का काम ठप रहा. मिडिल स्कूल भड़कुंइयां के छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि स्कूल में शिक्षक समय पर कभी नहीं आते हैं.
विलंब से पहुंचने के बाद पढ़ाते नहीं हैं. आपस में गप-शप में ही समय बिता दिया करते हैं. इसकी शिकायत कई बार प्रधानाध्यापक से की गयी, लेकिन पढ़ाई का माहौल नहीं बदला. सोमवार को समय पर छात्र-छात्राएं स्कून पहुंच गये थे, लेकिन शिक्षक-शिक्षिकाएं नहीं पहुंच पाये थी. इससे आक्रोशित होकर छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर स्थानीय बीइओ तारा सिंह ने बीआरसी को जांच करने का निर्देश दिया. बीआरसी के पहुंचने और समझाने-बुझाने पर छात्र-छात्राएं शांत हुए.
मामले की जांच होगी
स्कूल में छात्रों के हंगामा करने की सूचना मिलने पर बीआरसी को तत्काल जांच के लिए भेजा गया. मैं अवकाश पर हूं. मंगलवार को कार्यालय आते ही पूरे मामले की जांच की जायेगी. दोषी पर कार्रवाई भी की जायेगी.
तारा सिंह, बीइओ, मांझा
