गोपालगंज : कुचायकोट के कर्णपुरा में विजय बहादुर राम की शराब पीने से हुई मौत के बाद डीएम राहुल कुमार ने जिले में शराब के खिलाफ ऑपरेशन चलाने का निर्देश दिया. इसके लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस, उत्पाद विभाग के अधिकारियों की संयुक्त 20 अलग-अलग टीम बनायी गयी. टीम ने प्रत्येक थाना क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर शराब की तलाश की. इस तलाशी में अब तक 500 लीटर से अधिक शराब बरामद की जा चुकी है. टीम की छापेमारी जारी थी.
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर संजय कुमार, मनोज कुमार, राजेश कुमार सिन्हा की अलग-अलग टीम सीओ, बीडीओ, थानेदार के साथ छापेमारी में जुटी रही. गोपालपुर थाना क्षेत्र के कीलपुर में बरामद की गयी शराब, दस किलो बिहार गौरव पाउच की रैपर, शराब बनानेवाले उपकरण आदि बरामद हुआ था. इस बरामदगी के बाद तय हो गया कि जिले भर में शराब के कारोबार सुनियोजित तरीके से चल रहा है.
शराब के इस कारोबार को पूरी तरह से रोक लगाने के लिए डीएम ने अधिकारियों की टीम गठित की है, जो लगातार छापेमारी करेगी. उधर, कुचायकोट में सीओ अमित रंजन, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार, बीडीओ दृष्टि पाठक, उत्पाद विभाग की टीम ने हेम बरदहा, सिरिसिया, रामपुर माधो, जलालपुर, उचकागांव, विशंभरपुर समेत कई इलाकों में छापेमारी की.
