कुचायकोट : पत्नी ने पत्नी को जाम छलकाने से रोका, तो नाराज पत्नी ने जहर खा लिया. जहर खाने की खबर जब परिजनों को मिली, तो तत्काल कुचायकोट अस्पताल में भरती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. मौत की खबर से पूरे परिवार में चीत्कार मचा हुआ है. विशंभरपुर थाने की विशंभरपुर हजामटोली के रहनेवाले सुनील महतो (32 वर्ष) अपनी ससुराल यूपी के सेवरही थाने के नरवाजोत गांव में गया था. बिहार में शराबबंदी होने के कारण ससुराल पहुंचते ही शराब पी.
शराब पीकर ससुराल पहुंचा, जहां फिर शराब की बोतल लेकर कुछ लोगों के साथ जाम छलकाने बैठ गया. यह नजारा देख उसकी पत्नी इंदू देवी ने उसे मना किया. शराब की बोतल छीन कर फेंक दिया. इससे नाराज पति के साथ इंदू की तू-तू-मैं-मैं हुई. इसके बाद पति सुनील महतो ने जहर खा लिया. जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो इसकी सूचना इंदू ने विशंंभरपुर अपने परिजनों को दी. परिजनों ने तत्काल पहुंच कर सुनील को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना पर कुचायकोट थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
