पहल. बाढ़पीड़ित परिवारों की 24 घंटे में मुहैया कराएं सूची
बाढ़ग्रस्त गांवों में डॉक्टरों की टीम करेगी भ्रमण
बाढ़ से क्षति का किया जायेगा आकलन
गोपालगंज : बाढ़पीड़ित परिवारों की सूची 24 घंटे में मुहैया कराने का निर्देश डीएम ने दिया है. बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कराये जाने को लेकर डीएम राहुल कुमार की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन समिति की बैठक हुई, जिसमें बाढ़ग्रस्त अंचलों के सीओ को निर्देश दिया गया कि प्रपत्र-9 में 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट करें. बाढ़ से फसल क्षति, गृह क्षति एवं अन्य नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट मांगी गयी. बैठक में डीएम ने पानी निकलने के बाद जल जनित रोगों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं सिविल सर्जन को रोकथाम के लिए हर संभव प्रयासरत रहने का निर्देश दिया है.
इतना ही नहीं बाढ़पीड़ितों के लिए बनाये गये मेडिकल कैंप में तैनात डॉक्टर अब कुप्रभावित गांवों में भ्रमण करेंगे. घर-घर जाकर मरीजों का इलाज किये जाने की जिम्मेवारी डॉक्टरों को सौंपी गयी है. वहीं, तटबंध को हुए नुकसान को लेकर कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण विभाग को 24 घंटे निगरानी रखे जाने का निर्देश दिया गया. बैठक में उपविकास आयुक्त दयानंद मिश्र, अपर समाहर्ता जगदीश प्रसाद सिंह, अपर समाहर्ता लोक शिकायत शिवनारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, डीएसओ कृष्ण मोहन प्रसाद, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन परमानंद साह, डीसीएलआर विमल कुमार सिंह, ओएसडी डीपी शाही, एनडीसी राजीव रंजन सिन्हा, सिधवलिया के सीओ अरविंद प्रताप शाही, कुचायकोट के सीओ अमित रंजन, मांझा के सीओ राजेश कुमार, बैकुंठपुर के सीओ इंदुभूषण सहित बाढ़ग्रस्त अंचलों के सभी सीओ के अलावा कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण विभाग शरत कुमार, डॉ चंद्रिका प्रसाद आदि
मौजूद थे.
एनडीआरएफ ने किया दवा का वितरण : महम्मदपुर. डुमरिया, टंडसपुर क्षेत्रों में दवा का वितरण किया गया एवं डीडीटी का छिड़काव किया गया. डीडीटी छिड़काव और दवा वितरित करने में एनडीआरएफ की टीम पूरे दिन लगी रही. डीडीटी छिड़काव से लोगों ने गंदगी से राहत की सांस ली है.
