गोपालगंज : शहर में बेखौफ होते चोरों ने इस बार नगर पर्षद को निशाना बनाया है. नगर पर्षद के दोमंजिले पर खिड़की तोड़ कर डेटा से भरे कंप्यूटर की चोरी कर ली. चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही नगर पर्षद के अधिकारी एवं पार्षदों में हड़कंप मच गया. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गयी.
चोरी की इस घटना में पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है. प्रथम दृष्टया चोरी की इस वारदात में नगर पर्षद के किसी अपने होने की आशंका जतायी जा रही है. नगर पर्षद के सूत्रों ने बताया कि शनिवार को प्रतिदिन के अनुसार ऑफिस को बंद कर शाम पांच बजे सभी कर्मी चले गये. नाइट गार्ड भी छुट्टी पर थे. इस बीच रविवार की सुबह नगर पर्षद के सहायक प्रदीप कुमार पलंबर काे काम कराने के लिए पहुंचे. कार्यालय खोले तो सामान बिखरा पड़ा था.
दोमंजिले भवन में एसी के लिए छोड़ी गयी खिड़की से प्लाइ को काट कर चोर कार्यालय के भीतर घुसे थे, जहां से डाटा और महत्वपूर्ण साक्ष्य से भरे कंप्यूटर सिस्टम की चोरी कर ली गयी, जबकि बगल में ही चार-पांच नये कंप्यूटर सिस्टम रखे थे, जिसे चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया. इसकी सूचना तत्काल नगर पर्षद के अधिकारियों और मुख्य पार्षद आदि को दी गयी. चोरी की सूचना मिलते ही उपमुख्य पार्षद हरेंद्र चौधरी समेत कई पार्षद एवं अधिकारी ने पहुंच कर मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस से सहयोग मांगा.
