विदेशी टोला में ऑनरकिलिंग की शिकार हुई विभा
चौकीदार की तहरीर पर परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
थावे : विदेशी टोला में ऑनरकिलिंग की शिकार विभा हो गयी. परिजनों ने ही उसकी हत्या कर शव को साक्ष्य मिटाने के लिए जला दिया था. घटना के तीन दिन के बाद थावे पुलिस चौकीदार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कांड की तहकीकात में जुट गयी है. हालांकि घटना के बाद परिजन भूमिगत बताये जा रहे हैं.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गत 23 अप्रैल को विदेशी टोला गांव के प्रभु जी प्रसाद के परिजनों ने मिल कर अपनी बेटी विभा कुमारी (18 वर्ष) की हत्या करने के बाद शव को जला दिया. इसकी सूचना मिलने पर जब चौकीदार वीरेंद्र प्रसाद यादव पहुंचे, तो परिजनों ने बताया कि चाय बनाने के दौरान गैस के लीक करने से आग लग गयी. बुरी तरह से बेटी झुलस गयी. इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया.
रास्ते में उसकी मौत हो गयी. मौत के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया. घटनास्थल की जब जांच की गयी, तो पता चला कि किचेन में जलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला. पुलिस की जांच में युवती के प्रेम प्रसंग के कारण हत्या का मामला सामने आया है, जिसे गंभीता से लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए युवती के पिता प्रभु प्रसाद, भाई संतोष प्रसाद तथा उसकी मां को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.
