आधी रात को नष्ट होगी देशी शराब

बिहार में एक अप्रैल से देशी शराब की बंदी का कानून लागू होगा. उत्पाद विभाग 31 मार्च की रात बची शराब को मजिस्ट्रेट की निगरानी में नष्ट करेगा. शराब बिक्री और अवैध धंधे रोकने के लिए चार जगहों पर चेकपोस्ट बनाये गये हैं. वहीं, अब तक 61 शराब माफियाओं को चिह्नित किया गया है. शराब […]

बिहार में एक अप्रैल से देशी शराब की बंदी का कानून लागू होगा. उत्पाद विभाग 31 मार्च की रात बची शराब को मजिस्ट्रेट की निगरानी में नष्ट करेगा. शराब बिक्री और अवैध धंधे रोकने के लिए चार जगहों पर चेकपोस्ट बनाये गये हैं. वहीं, अब तक 61 शराब माफियाओं को चिह्नित किया गया है. शराब का धंधा रोकने के लिए गंडक नदी से लेकर यूपी बॉर्डर तक नजर रहेगी.

गोपालगंज : बिहार में एक अप्रैल से देसी शराब की बिक्री बंद हो जायेगी.
शराब की बिक्री रोकने के लिए जिले में चार जगहों पर चेक पोस्ट बनाये गये हैं. यहां सैप के जवानों के साथ मजिस्ट्रेट की टीम तैनात रहेगी. गंडक नदी और बिहार के बॉर्डर इलाके में प्रशासन की विशेष नजर रहेगी.
मोटर बोट से गंडक नदी में दिन और रात में पुलिस गश्त करेगी. उधर, सरकार ने 31 मार्च की रात को ही देसी शराब को नष्ट करने का आदेश दिया है. डीएम के नेतृत्व में अधिकारियों की 15 टीमें शराब को नष्ट करने के लिए गठित की जा चुकी हैं. आधी रात को ही अधिकारियों की टीम शराब की लाइसेंसी दुकानों पर छापेमारी कर शेष बची देसी शराब को जब्त कर नष्ट कर देगी. अंगरेजी शराब को विवरेज के पास जमा कर देगी.
135 की जगह होंगी आठ मधुशालाएं : गोपालगंज में देसी और अंगरेजी की 135 दुकानें हैं. एक अप्रैल से मात्र आठ मधुशाला होंगी. उत्पाद विभाग के अनुसार आठों अंगरेजी की दुकानें रहेंगी. शराब दुकानों के लिए स्थल का चयन भी कर लिया गया है. ये सभी दुकानें गोपालगंज शहर में ही रहेंगी. मंदिर और अन्य धार्मिक स्थल के आसपास नहीं रहेंगी.
उत्पाद विभाग को मिलीं सुविधाएं : शराबबंदी को लेकर उत्पाद विभाग को सैप जवानों के अलावा होमगार्ड के 76 जवान मिल सकते हैं. विभाग ने छह गाड़ियों की भी मांग की है. सरकार ने उत्पाद विभाग को सैप के दस जवानों को छापेमारी के लिए भेज दिया है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों की टीम ने अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई तेज कर दी है.
सदर अस्पताल में नशेड़ियों को भरती कराने के लिए नशा मुक्ति केंद्र बन कर तैयार हो गया है. डीएम राहुल कुमार इसी माह इस अस्पताल का उद्घाटन करेंगे. सीएस डॉ मधेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि 10 बेडों का फिलहाल अस्पताल तैयार है. आगे बेड की संख्या बढ़ायी जायेगी. डॉक्टर व कर्मियों की टीम यहां तैनात कर दी गयी है.
क्या कहते हैं उत्पाद अधीक्षक
थानों के सहयोग से शराब की बिक्री पर अंकुश लगाया जायेगा. इसके लिए एसपी से भी वार्ता हो चुकी है. सर्किल वाइज अधिकारियों की नंबर भी जल्द ही जारी किया जायेगा.
प्रिय रंजन, उत्पाद अधीक्षक, गोपालगंज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >