गोपालगंज के झझवां गांव के रहनेवाले हैं कृष्ण कुमार
बाइक से लौटते समय अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
गोपालगंज/शिवहर : त्तर बिहार ग्रामीण बैंक वृंदावन शाखा के प्रबंधक कृष्ण कुमार का अपहरण अपराधियों ने शनिवार को कर लिया. वह गोपालगंज के सिधवलिया थाने के झझवां गांव के रहनेवाले हैं. गांव से ड्यूटी करने वृंदावन शाखा में आते-जाते थे. शनिवार को वह बैंक का कार्य निबटा कर घर के लिए रवाना हुए. रविवार की सुबह तक घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने बैंक के कैशियर मनोज कुमार से पूछताछ की. कैशियर ने बताया कि उनके पुत्र आशुतोष कुमार द्वारा तरियानी थाने में आवेदन दिया गया है.
इधर, भतीजा अखिलेश गुप्ता ने अपहरण की आशंका जताते हुए कहा कि घर के लिए चलने से पहले उन्होंने मोबाइल पर सूचना दी थी. मोबाइल पर संपर्क साधा गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ है. एसडीपीओ प्रीतिश कुमार ने बताया कि घटनास्थल का सत्यापन किया जा रहा है. घटनास्थल प्रथम दृष्टया चंपारण जिला लगता है. शिवहर के एसपी स्वापनाजी मेश्राम ने बताया कि एसडीपीओ द्वारा मामले की जांच की जा रही है.
घटनास्थल तरियानी थाने के मुसहरी व पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाने के सेमराहां के बीच सरेह बताया जा रहा है. बताया जाता है कि अपराधियों के साथ उनकी हाथापाई भी हुई. अपराधी उन्हें चार चक्का वाहन में उठा ले गये. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
