सफलता . 40 दिनों की कार्रवाई के बाद पुलिस को मिली कामयाबी

चोरी गये 41 लैपटॉप बरामद डेल एजेंसी में 10 फरवरी की रात 30 लाख रुपये के लैपटॉप चोरी का खुलासा हो गया है. पुलिस ने मास्टरमाइंड को जहां गिरफ्तार कर लिया है, वहीं चोरी गये लैपटॉप भी बरामद किये गये हैं. पुलिस टीम को यह सफलता सीसीटीवी में कैद फुटेज की मदद से मिली है. […]

चोरी गये 41 लैपटॉप बरामद

डेल एजेंसी में 10 फरवरी की रात 30 लाख रुपये के लैपटॉप चोरी का खुलासा हो गया है. पुलिस ने मास्टरमाइंड को जहां गिरफ्तार कर लिया है, वहीं चोरी गये लैपटॉप भी बरामद किये गये हैं. पुलिस टीम को यह सफलता सीसीटीवी में कैद फुटेज की मदद से मिली है. मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन से की गयी है.
गोपालगंज : बंजारी रोड स्थित डेल एजेंसी का ताला तोड़ कर 30 लाख रुपये से अधिक के लैपटॉप चोरी का पुलिस ने 40 दिनों की कार्रवाई के बाद खुलासा कर दिया. पुलिस की टीम ने पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में छापेमारी कर गैंग के मास्टरमाइंड को जहां गिरफ्तार किया, वहीं, चोरी गये 41 लैपटॉप भी बरामद किये गये हैं. इसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बतायी गयी है. गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.
शनिवार को पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि गत 10 फरवरी की रात 4 बजे शेखर कुमार सिंह की डेल एजेंसी का ताला काट कर लगभग 30 लाख रुपये के लैपटॉप की चोरी कर ली गयी थी. चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गयी थी. सीसीटीवी फुटेज की मदद से एसपी निताशा गुड़िया ने पूरे गैंग के उद्भेदन के लिए डीएसपी विभाष कुमार, इंस्पेक्टर विमल कुमार सिंह,
एसआइ अमित कुमार सिंह, ब्रजेश कुमार, उत्तम पासवान, शिव शंकर राम, सत्येंद्र कुमार, हरेंद्र कुमार की टीम गठित की. आइटी सेल के सहयोग से पुलिस टीम ने पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन में शुक्रवार की रात छापेमारी कर मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान के पुत्र नसरुदीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. उसके घर से चोरी के 41 लैपटॉप बरामद किये गये हैं.
तीन दिन पहले से की जा रही थी रेकी
डेल एजेंसी में चोरी की घटना से पहले चोरों के गैंग ने तीन दिनों तक रेकी की थी. रेकी की वाकया भी सीसीटीवी में कैद था. सीसीटीवी का वीडियो फुटेज बिल्कुल साफ था, जिसके आधार पर एक -एक चोर की पहचान पुलिस ने आसानी से कर ली. घटना को अंजाम देने में 11 चोर शामिल थे.
घोड़ासहन में पकड़ा गया मास्टरमाइंड
नेपाल में खपाया जाता था चोरी का माल
गैंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि पूर्वी चंपारण के अलावा छपरा, सीवान, गोपालगंज, यूपी के पूर्वांचल के बड़े शहरों में स्थित इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों को ही यह गैंग निशाना बनाता था. चोरी के माल को सीधे नेपाल में ले जाकर बेच दिया जाता था. यहां से भी चोरी किये गये माल को गैंग बेचने की ही फिराक में थे.
तब तक पुलिस को पूरी कहानी पता चल गयी. कांड का खुलासा होने के बाद गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम पिछले चार दिनों से घोड़ासहन में डेरा डाली हुई थी. पुलिस ने एक-एक चोर की पहचान कर जाल बिछा रखा था. चौथे दिन पुलिस को सफलता मिली.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >