गोपालगंज : शहर को जाम से मुक्त करने के लिए नगर पर्षद ने एक बार फिर कमर कस ली है. इस बार अभियान चला कर अवैध पार्किंग पर रोक लगायी जायेगी तथा सड़क पर सजनेवाली दुकानों को हटाया जायेगा.
इसके लिए जुर्माने की राशि भी वसूल होगी. गौरतलब है कि शहर की सड़कें प्रतिदिन जाम से जूझती रही हैं. प्रशासन जाम से निबटने के लिए कई कोशिशें की, लेकिन नाकाम रही. एक बार फिर मिशन जुर्माने के तौर पर अभियान चलाने की तैयारी की गयी है.
क्यों लगता है जाम : शहर की आधी सड़कों पर किसी-न-किसी रूप में अवैध कब्जा है.
अधिकांश हिस्सों पर अवैध पार्किंग होती है. वहीं, सड़कों पर दुकानें सजती हैं. इसके अलावा एक दर्जन से अधिक अवैध स्टैंड का संचालन होता है. इसके कारण जाम लगना लाजिमी है. जादोपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, पुरानी रोड, थाना रोड, जंगलिया चौराहा सर्वाधिक अतिक्रमित और जामवाले क्षेत्र हैं.
