शराबबंदी के लिए बच्चों ने निकाली रैली
बनायी मानव आकृति, दिया शराब के दुष्परिणाम का संदेश
शहर से गांव तक चला जागरूकता अभियान
गोपालगंज : जो पीयेगा दारू उसका बच्चा लगायेगा झाड़ू, नशा का जो हुआ शिकार उजड़ा उसका घर परिवार. कम- से- कम अब तो शराब पीना छोड़ दीजिए. यह संदेश था छात्र- छात्राओं का, जो गांव घर और अपने अभिभावकों को विभिन्न स्लोगन के साथ शराबमुक्त समाज बनाने और शराब छोड़ने का संदेश दे रहे थे. कहीं बच्चों ने रैली निकाली, तो कहीं मानव आकृति बना कर शराब से होनेवाले दुष्परिणाम को लोगों तक पहुंचाया.
शनिवार को शहर से लेकर गांव तक विभिन्न स्कूलों से छात्र-छात्राओं ने शराबबंदी को लेकर जागरूकता अभियान चलाया. इसी कड़ी में मांझा प्रखंड के माधव हाइ स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापक बृज बिहारी शर्मा की अध्यक्षता में रैली निकाली. छात्र छात्राएं मांझा बाजार, पुरैनी सहित आस-पास के कई गांवों का भ्रमण किया. मौके पर शिक्षक कमरूल हुदा, रवि कुमार सहित कई शिक्षक उपस्थित थे.
वहीं कुचायकोट प्रखंड के रायमल बलिवन सागर उत्क्रमित मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी रैली निकाली. यहां की छात्राओं ने मानव शृंखला बना कर लोगों में शराब बंदी के लिए जागरूकता का संदेश और शराब से होनेवाले दुष्परिणाम का संदेश दिया. मौके पर प्रधानाध्यापक शिकंदर यादव, सुबास रावत, मणिंद्र तिवारी, अलाउदिन, नेहा, ललन प्रसाद सहित छात्र- छात्राओं ने भाग लिया.
