मांझा : संतपुर मध्य विद्यालय में छात्रों की नाराजगी को देखते हुए बीडीओ ने समिति का गठन कर सभी शिक्षकों को हटा दिया है. शिनवार को भी विद्यालय में पढ़ाई बाधित रही. सोमवार तक यहां नये शिक्षक योगदान कर लेंगे.
गौरतलब है कि प्रधानाध्यापक द्वारा छात्रवृत्ति की राशि का गबन करने एवं एमडीएम में धांधली करने के खिलाफ छात्रों ने सोमवार से विद्यालय में ताला बंद कर रखा है. मंगलवार को पहुंचे डीइओ अशोक कुमार को भी छात्रों का आक्रोश झेलना पड़ा था. डीइओ ने स्थिति को देखते हुए प्रधानाध्यापक लतीफ अंसारी और सहायक शिक्षक हजारी प्रसाद को निलंबित कर दिया था. इसके बावजूद विद्यालय में छात्रों द्वारा तालाबंदी जारी रही. छात्र सभी शिक्षकों को हटाने की मांग पर अड़े थे.
छात्रों के उग्र प्रदर्शन के कारण विगत छह दिनों से उनकी पढ़ाई ठप है. शिनवार को बीडीओ अशोक कुमार जिज्ञासु ने बीइओ तारा सिंह एवं एमडीएम प्रभारी के साथ बैठक कर विद्यालय के सभी नौ शिक्षकों का समंजन दूसरे विद्यालय में कर दिया तथा तत्काल इस विद्यालय में नये शिक्षकों का समंजन करने का निर्देश दिया.
इस संबंध में बीडीओ ने कहा कि छात्रों की मांग पर सभी शिक्षकों को हटा दिया गया है. विद्यालय में सोमवार से नये शिक्षक कार्य करेंगे.
