तीन लोग गंभीर रूप से घायल, छह हुए गिरफ्तार, सदर अस्पताल में भरती
गोपालगंज : नगर थाने के नवादा गांव में शुक्रवार कर रात अपराधी बिंदा अवधिया ने जम कर तांडव मचाया. उसने गांव के तीन युवकों को चाकू मारने के बाद घर में घुस कर महिलाओं के साथ जोर-जबरदस्ती करने की कोशिश की. वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले आराम से भाग निकला. पुलिस ने बिंदा अवधिया के छह करीबियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. घायलों ने बताया कि बिंदा अवधियां नवादा गांव में ही एक युवक के घर पिछले कई दिनों से रहता था. शुक्रवार की रात गांव की एक महिला के घर गलत नीयत से घुस गया. परिजनों ने इसका विरोध किया, तो लूटपाट शुरू कर दी. उसने चाकू मार कर लाल बाबू सहित तीन लोगों को घायल कर दिया. सदर अस्पताल में गंभीर रूप से घायल अनूप कुमार, रामांनद प्रसाद और लालबाबू को इलाज के लिए लाया गया.
उधर, घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस ने नवादा गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद सदर अस्पताल में छापेमारी कर तीन और युवकों को गिरफ्तारी की गयी. पुलिस ने गिरफ्तार युवकों से पूछताछ कर फरार बिंदा की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
पुलिस पर बमबाजी की थी बमबाजी : बिंदा छपरा, सीवान और गोपालगंज के अलावा यूपी में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है. सीवान में लूटपाट के दौरान हत्या किये जाने के मामले में दो सप्ताह पूर्व पुलिस छापेमारी करने गोपालगंज आयी थी. लेकिन, वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था. उसने हाल ही में नगर थाने के सब इंस्पेक्टर बीके सिंह पर बमबाजी और गोलीबारी की थी, जिसमें बीके सिंह गंभीर रूप से घायल भी हुए थे.
गंडक दियारे में रहता है बिंदा अवधिया : बिंदा अवधिया ने गंडक नदी के दियारा इलाके में शरण ले रखी थी. पुलिस ने उसे शरण देनेवाले को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, तो कई चौंकान्नेवाले खुलासे हुए.
उसने किसी लड़की को दियारे में रखा था. उस लड़की की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी की सूचना मिलने पर बिंदा यूपी चला जाता है. इसके कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है.
