महम्मदपुर : डुमरिया सेतु की मरम्मत का काम शुक्रवार से शुरू हो गया है. महज एक दिन के लिए कराये गये कार्य में गड्ढों की पैचिंग कर निर्माण कंपनी ने अपना पल्ला झाड़ लिया. गड्ढों में डाले गये मामूली पीच कितना दिन चलेगा यह सवाल बना हुआ है.
गौरतलब है कि एनएच 28 की मरम्मती के लिए वर्ष 2015 में 30 करोड़ की योजना की स्वीकृति देकर काम कराने का जिम्मा ओपीआरएमसी कंपनी को दिया गया. मरम्मत कार्य खजुरिया से बथनाकुटी तक कराना था.
इसमें डुमरिया सेतु पर भी काम कराना था. चुनाव के पूर्व ही कंपनी ने अपना काम करा कर जिम्मा टाल लिया तथा कागजों पर ही डुमरिया पुल की मरम्मत कर दी गयी. इधर, पुल की जर्जर स्थिति के कारण वाहनों का पलटना और सेतु पर महाजाम का लगना जारी रहा. प्रभात खबर में जब ‘कागजों पर ही करा लिया गया 30 करोड़ का मरम्मती कार्य’ शीर्षक खबर छपी तब कंपनी ने शुक्रवार को पुल के गड्ढों को भरने का काम शुरू किया.
एक दिन में बड़े-बड़े गड्ढों को भर कर कंपनी ने अपनी जिम्मेवारी पूरी कर ली है. काम करा रहे कंपनी के सुपरवाइजर राहुल कुमार से जब पूछा गया कि यह सड़क कितने दिन ठीक रहेगी, तो उन्होंने कहा कि हमलोग अपना कार्य पूर्व में पूरा करा चुके हैं. फिलहाल यह मरम्मत चंद दिनों के लिए ही सुकून देगी.
कहते हैं कंपनी प्रबंधक
पहली बार जो पैकेजिंग की गयी थी, उसका हम पूर्व में ही काम करवा चुके हैं. मरम्मती कार्य में कंपनी को घाटा लगा है. इस सड़क की रिपैकेजिंग होनी है. तब जाकर मजबूत काम होगा.
मसूम अंसारी, प्रबंधक, ओपीआरएमसी कंपनी
