आंगनबाड़ी में बहाली के बिक रहे फर्जी फाॅर्म
गोपालगंज : आप यदि अपने घर की महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका व सहायिका पदों पर बहाली के लिए फाॅर्म खरीद रहे हैं और किसी दलाल के चंगुल में पड़ गये हैं, तो सावधान हो जाएं. जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों में बहाली के नाम पर फर्जी फाॅर्म धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं. बिचौलिये […]
गोपालगंज : आप यदि अपने घर की महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका व सहायिका पदों पर बहाली के लिए फाॅर्म खरीद रहे हैं और किसी दलाल के चंगुल में पड़ गये हैं, तो सावधान हो जाएं. जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों में बहाली के नाम पर फर्जी फाॅर्म धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं.
बिचौलिये फाॅर्म खरीदवा कर बहाली कराने के नाम पर आवेदकों से लाखों रुपये की ठगी कर रहे हैं. उधर, आंगनबाड़ी की सेविका व सहायिका व पर्यवेक्षिका के पदों पर बहाली के लिए कोई विज्ञापन प्रकाशित नहीं हुआ है. राज्य के स्तर पर भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है. आंगनबाड़ी के लिए सरकारी स्तर पर किसी तरह की बहाली नहीं हो रही है.
…तो दलाल ऐसे ले रहे हैं झांसे में
आइसीडीएस कार्यालय के बाहर गुरुवार को एक महिला खड़ी थी. वह फुलवरिया प्रखंड की रहनेवाली थी. उसने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उसे बताया गया कि गांव के ही एक आदमी ने यह जानकारी दी कि आंगनबाड़ी में सेविका व सहायिका की बहाली निकली हुई है. फाॅर्म भर कर मेरे पास जमा कर दो. फिर उसने अपना मोबाइल नंबर दे दिया. महिला ने भरा हुआ आवेदन उक्त व्यक्ति को दिया, तो उसने बहाली के लिए डेढ़ लाख रुपये की डिमांड की.
महिला ने उसे 10 हजार रुपये दिया और शेष रुपये बहाली के बाद देने को कहा, पर जब 15 दिन तक कोई सूचना नहीं मिली, तो उसने उक्त व्यक्ति द्वारा दिये गये मोबाइल नंबर संपर्क किया, तो बंद था. जब उस महिला ने उक्त व्यक्ति के बारे में पता लगाया, तो पता चला कि 20 से अधिक महिलाओं से ठगी कर फरार है.