खुले में शौच से पंचायत को कैसे मिली मुक्ति पर की चर्चा
दो पंचायतों में जाकर अधिकारियों की टीम ने देखा हाल
गोपालगंज : स्वच्छता पर अध्ययन करने के लिए नेपाल और यूएस से संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी गुरुवार को लक्षवार व जिगना पंचायत पहुंचे. इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की. जिले की पांच पंचायतें खुले में शौच से मुक्त की गयी हैं. नेपाल सरकार के सचिव स्तर के अधिकारी मनोज घिमिरे, देवेंद्र झा, चेतनारायण श्रेष्ठ, हरि प्रसाद, किरण आचार्य की टीम ने थावे प्रखंड की लछवार तथा हथुआ प्रखंड की जिगना जगरनाथ पंचायत का परिभ्रमण किया.
इस दौरान टीम के सदस्यों ने लछवार गांव में रुकमिणी देवी के घर जाकर उनसे स्वच्छता की पूरी जानकारी ली. इससे पहले अमेरिका और लंदन की टीमें दियारा की विशुनपुर पश्चिमी तथा चौराव पंचायत में स्टडी कर चुकी हैं. टीम के सदस्यों ने पीएचइडी के स्कूटीव इंजीनियर अशोक कुमार के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारियों से घंटों स्वच्छता पर जानकारी ली.
