गोपालगंज : पटना जानेवाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. थावे से सीधे पाटलिपुत्र के लिए सवारी गाड़ी का परिचालन चार फरवरी से शुरू रहा है. यात्री को अब सोनपुर नहीं उतरना पड़ेगा, बल्कि सीधा पाटलिपुत्र पहुंच जायेंगे. सोनपुर-पटना के बीच दीघा रेल पुल बन जाने से अब रेल गाड़ियां चार फरवरी से पाटलिपुत्र तक चलने लगेंगी. फिलहाल पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने मार्ग विस्तार करते हुए ट्रेनों को पाटलिपुत्र तक चलाने का निर्णय लिया है.
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव के अनुसार गोरखपुर-कप्तानगंज-थावे होकर चलनेवाली 55008 पैसेंजर ट्रेन सोनपुर न जाकर परमानंदपुर से पहलेजाघाट होती हुई पाटलिपुत्र तक जायेगी. यह ट्रेन थावे में सुबह 5:55 बजे पहुंचेगी तथा 6:05 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन छपरा से सुबह 8.50 बजे तथा 10.45 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी. वहीं, 55007 सोनपुर से न चल कर पाटलिपुत्र से चलेगी. यह ट्रेन पाटलिपुत्र से शाम 6:00 बजे से चल कर रात 20.15 छपरापहुंचेगी, जबकि थावे 22:50 बजे पहुंचेगी तथा 23:00 बजे खुलेगी. इसके बाद गोरखपुर के लिए रवाना होगी. तमकुही रोड व्यवसायी संघ के अध्यक्ष धाम बाबू वर्मा ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत किया है. वहीं दूसरी तरफ मुजफ्फरपुर होकर चलनेवाली 55042 गोरखपुर-भटनी के रास्ते सोनपुर सवारी गाड़ी पाटलिपुत्र तक चलेगी. यह ट्रेन सोनपुर से शाम 4.50 बजे से चल कर पहलेजा घाट होती हुई
5.10 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी. वहीं, मुजफ्फरपुर के रास्ते चलनेवाली 55209 सोनपुर-गोरखपुर पैसेंजर ट्रेन अब पाटलिपुत्र से चलेगी. यह ट्रेन पाटलिपुत्र से दोपहर 11.25 बजे से चल कर पहलेजा घाट होती हुई 11.55 बजे सोनपुर पहुंचेगी. वहां से गोरखपुर के लिए चलेगी. इसी क्रम में उक्त दोनों गाड़ियां पहले के स्टेशनों पर पूर्व निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार ही चलायी जायेंगी. विभाग के लोगों का कहना है कि आगे से हावड़ा और कोलकाता जानेवाली अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों को भी पाटलिपुत्र के रास्ते चलाया जायेगा, जिससे दूरी घटने के साथ समय भी कम लगेगा.
