19 उर्दू शिक्षकों को िमला नियोजन पत्र
गोपालगंज : शबनम की आंखें उस वक्त डबडबा गयीं जब उसे अधिकारियों ने शिक्षक बनने का नियोजन दिया. वह दो साल से उम्मीद लगाये बैठी थी. आज उसका सपना पूरा हो गया. अब वह स्कूल में बच्चों तालीम देगी. शबनम की तरह 19 अभ्यर्थियों का शिक्षक बनने का सपना पूरा हो गया. मौका था उर्दू […]
गोपालगंज : शबनम की आंखें उस वक्त डबडबा गयीं जब उसे अधिकारियों ने शिक्षक बनने का नियोजन दिया. वह दो साल से उम्मीद लगाये बैठी थी. आज उसका सपना पूरा हो गया. अब वह स्कूल में बच्चों तालीम देगी. शबनम की तरह 19 अभ्यर्थियों का शिक्षक बनने का सपना पूरा हो गया. मौका था उर्दू शिक्षक नियोजन का.
बुधवार को एमएम उर्दू शिक्षक उच्च विद्यालय, तुरकहां में कैंप में 19 शिक्षकों को नियोजन पत्र दिया गया. प्रखंड शिक्षक स्नातक ग्रेड पद पर शिक्षक नियोजन के लिए प्रखंडवार काउंटर की व्यवस्था की गयी थी. जिले में प्रखंड शिक्षक स्नातक ग्रेड के लिए 79 पद है, जिन पर नियोजन किया जाना है.
कैंप पर जमे रहे पदाधिकारी
उर्दू शिक्षक नियोजन को लेकर कैंप स्थल पर डीइओ अशोक कुमार, डीपीओ स्थापना संजय कुमार, पीओ मनोज कुमार व पीओ अरुण कुमार सहित प्रखंडों के बीइओ जमे रहे. नियोजन प्रक्रिया की निगरानी के साथ ही शिक्षा पदाधिकारियों द्वारा इसकी जानकारी ली जाती रही.
पंचदेवरी प्रखंड की सूची नहीं हुई अनुमोदित : जहां अपने-अपने प्रखंडों के अभ्यर्थी उर्दू शिक्षक नियोजन को लेकर व्यस्त थे, वही पंचदेवरी प्रखंड की सूची अनुमोदित नहीं होने के कारण वहां के अभ्यर्थियों में मायूसी देखी गयी. बीडीओ ने बताया कि सूची अनुमोदित हो गयी है, जबकि बीइओ ने कहा कि सूची अनुमोदित नहीं हुई है. डीइओ अशोक कुमार व डीपीओ स्थापना संजय कुमार ने कहा कि बीडीओ द्वारा सूची अनुमोदित करने के लिए निर्धारित तिथि तक नहीं भेजा गया है.
प्रखंड शिक्षक स्नातक ग्रेड के तहत जिले में 79 उर्दू रिक्ति के स्थान पर 19 का ही नियोजन हुआ, जबकि 60 स्थान खाली रह गया.
अब शिक्षा विभाग के अगले निर्देश के बाद ही नियोजन की प्रक्रिया फिर से शुरू होने की उम्मीद जतायी जा रही है.