निकाह के वक्त ही पहुंच गयी पहली पत्नी, शादी को कराया कैंसिल
बिहार-यूपी की पुलिस विवाद सुलझाने का कर रही प्रयास
कुचायकोट : यूपी से दूसरी शादी करने पहुंचे दूल्हे और उसके पिता को लड़की पक्ष ने बंधक बना लिया गया. दूल्हे की पहली पत्नी निकाह के वक्त पुलिस के साथ पहुंच गयी. दोनों राज्यों की पुलिस मामले को देर शाम तक सुलझाने में जुटी रही. कुचायकोट थाना क्षेत्र के नेचुआ जलालपुर में यूपी के कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के परसौनी गांव निवासी जलील अंसारी के पुत्र मो आरिफ की शादी थी. दूल्हा बरात लेकर सोमवार को नेचुआ जलालपुर गांव में पहुंचा था.
लड़की पक्ष ने निकाह की तैयारी शुरू कर दी थी, तभी यूपी पुलिस के साथ आयी एक महिला ने दूल्हे को अपना पति बता कर हंगामा शुरू कर दिया. हंगामा देख बराती भाग निकले. शादी समारोह में अफरातफरी की स्थिति बन गयी. उधर, दूल्हे की पहली पत्नी को देख लकड़ी पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया. शादी में हुए खर्च की भरपाई के लिए दूल्हा और उसके पिता को कमरे में बंधक बना लिया गया.
दोनों को बंधक बनाये जाने की सूचना पर थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये. दोनों राज्यों की पुलिस मामले को सुलझाने के लिए बैठक बुलायी. लकड़ी पक्ष ने शादी करने से इनकार करते हुए विवाह के दौरान तैयारी में हुए खर्च दूल्हा पक्ष से मांग कर दी. देर शाम को पुलिस ने बंधक बने दूल्हा और उसके पिता को मुक्त कराया.
