3.83 करोड़ का करना है वितरण
कृषि टास्क फोर्स की बैठक में सिंचाई, कृषि यांत्रिकीकरण और डीजल अनुदान की स्थिति की समीक्षा
गोपालगंज. सोमवार को कृषि टास्क फोर्स की हुई बैठक में डीएम राहुल कुमार ने कृषि विभाग को कड़ा निर्देश दिया है. बैठक में सिंचाई, कृषि यांत्रिकीकरण और डीजल अनुदान की स्थिति पर समीक्षात्मक चर्चा हुई. रबी अभियान के तहत प्रथम चरण में जिले के किसानों को डीजल सब्सिडी के रूप में 3.83 करोड रुपये का वितरण करना है.
इसमें एकमात्र हथुआ प्रखंड में अब तक 10-20 लाख रुपये का वितरण हुआ है. डीएम ने कृषि विभाग को निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा है कि 15 फरवरी के बीच आवेदित सभी किसानों को हर हाल में डीजल अनुदान की राशि मुहैया करा दी जायेे. कृषि यांत्रिकीकरण मेले के अंतर्गत बिकनेवाले यंत्रों का भी जायजा बैठक में लिया गया. यांत्रिकीकरण के रूप में 4.81 करोड़ का अनुदान दिया जाना है जिसमें विभाग अब तक 50 फीसदी लक्ष्य को प्राप्त किया है.
यांत्रिकीकरण पर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए 15 मार्च तक डीएम ने समय निर्धारित किया है. जिले में चिकित्सीय पशुओं की संख्या कम होने एवं इनमें बढ़ती बांझपन की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए डीएम ने पशुपालन विभाग को उसकी संख्या बढ़ाने पर बल दिया है. साथ ही नहरों द्वारा हो रही सिंचाई की स्थिति में सुधार लाने के लिए अवर नहर प्रमंडल को निर्देश दिया गया है.
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी डॉ वेदनारायण सिंह, पशुपालन पदाधिकारी डॉ डीके चौधरी, आत्मा के सहायक निदेशक, अवर नहर प्रमंडल के अधिकारी उपस्थित थे. वहीं, पीएचइडी के पदाधिकारी बैठक से अनुपस्थित रहे.
