सड़क पर किया पेशाब, तो होगा जुर्माना
गोपालगंज : नगर पर्षद ने सड़क पर पेशाब करनेवालों पर मिशन जुर्माना अभियान चलाया है. अभियान के पहले दिन नो वेंडर जोन डाकघर चौक से मौनिया चौक तक सड़क के किनारे पेशाब करने के आरोप में आठ लोगों को पर 50-50 रुपये का जुर्माना वसूला गया है.
नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, नप के नाजीर आनंद दत्त ओझा तथा कर्मियों ने इस अभियान का शुरुआत की है. इससे पहले लोगों से अपील की गयी थी कि वे सड़क पर जहां-तहां गंदगी न फैलाएं. इसके बाद जुर्माना शुरू किया गया है. यह लगातार जारी रहेगा. शहर की सड़कों पर नगर पर्ष की नजर है. अब कहीं भी खुले में पेशाब करने पर जुर्माना भरना पड़ेगा.
नो वेंडर जोन में पार्क किये गये वाहनों पर भी हुआ जुर्माना : जाम से निबटने के लिए दूसरे दिन भी प्रशासन की तरफ से सड़कों पर जहां-तहां वाहनों की पार्किंग के मामले में जुर्माना किया गया.
तीन दर्जन वाहनों को जब्त कर उनसे 500 से 2000 रुपये तक का जुर्माना वसूला गया. नो वेंडर जोन में वाहन पार्क करनेवालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. इस बार प्रशासन ने सड़कों पर जहां-तहां पार्किंग करने पर कार्रवाई जारी रखने का निर्णय लिया है. खास कर जंगलिया रोड, डाकघर चौक से आंबेडकर चौक, मौनिया चौक से घोष मोड़, जादोपुर रोड, थाना रोड में वाहनों की पार्किंग वर्जित की गयी है. पकड़े जाने पर जुर्माना भरना पड़ेगा.
अवैध टैक्सी स्टैंड अभियान पर भारी : डाकघर चौक से लेकर पुलिस क्लब तक सड़क के दोनों किनारे अवैध रूप से बने टैक्सी स्टैंड प्रशासन के इस अभियान पर भारी पड़ रहा है. दो-तिहाई सड़क पर अवैध वाहनों का कब्जा रहता है. इस रोड में आठ बैंक हैं, जहां प्रतिदिन हजारों ग्राहकों का लेन-देन हो रहा है. इस अवैध टैक्सी स्टैंड के कारण कभी भी बड़ी लूट की घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है.
