गोपालगंज : शहर के चर्चित वकील त्रिपुरारि शरण शर्मा हत्याकांड में सोमवार को सीजेएम की अदालत ने पुलिस की अपील पर आरोपित की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है. पुलिस सोमवार को कुर्की वारंट लेकर कार्रवाई की तैयारी में जुट गयी है.
कांड के आरोपित हजियापुर के गोल्डेन सिंह की गिरफ्तारी नहीं होने पर संपत्ति कुर्क करने की अनुमति कोर्ट से पुलिस ने मांगी थी.हालांकि इस कांड में किलरों की तलाश में गोरखपुर तथा पटना में छापेमारी कर पुलिस टीम खाली हाथ लौट चुकी है. ध्यान रहे कि 30 अगस्त की शाम 3.30 बजे अधिवक्ता त्रिपुरारि शरण शर्मा की उनके घर में घुस कर गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी.
इस हत्याकांड में परिजनों के बयान पर पुलिस ने हजियापुर के गोल्डेन कुमार, जितेंद्र सिंह आदि को नामजद अभियुक्त बनाया था. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया,
जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस मामले में मांझा थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव के शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया गया था. शक्ति सिंह ने हत्याकांड का खुलासा किया, जिसमें मोतिहारी जेल में बंद अपराधी के द्वारा हत्या करने के लिए देवापुर के जेपी सिंह तथा कोइनी के ढोढ़ा मियां को जिम्मेवारी सौंपी गयी थी.
पुलिस दोनों किलरों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जबकि जेल में बंद अपराधी से भी पूछताछ की तैयारी में अब पुलिस जुटी है. ” पुलिस को कुर्की-जब्ती का आदेश मिल चुका है.
पुलिस इस कांड में गंभीरता से लेकर कार्रवाई कर रही है. एक-एक अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है. निताशा गुड़िया, एसपी
