जिले में बने तीन परीक्षा केंद्र
तीन सितंबर तक होगी परीक्षा
गोपालगंज : मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा पहली सितंबर से कड़ी चौकसी के बीच शुरू होगी. इसकी सारी तैयारियां प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गयी हैं. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन पहली सितंबर से जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर होगा.
दो पालियों में नगर के तीन परीक्षा केंद्र एसएस बालिका उच्च विद्यालय, एमएम उर्दू उच्च विद्यालय व डीएवी उच्च विद्यालय में परीक्षा का संचालन किया जायेगा. सभी पालियों में 15 मिनट का आरंभिक समय परीक्षार्थियों को प्रश्नों को पढ़ने और समझाने के दिया गया है.
नेत्रहीन व विकलांग परीक्षार्थी जो स्वयं लिखने में असमर्थ हो, को लेखक रखने की अनुमति दी जायेगी तथा ऐसे परीक्षार्थियों के लिए निर्धारित समय में 10 मिनट प्रति घंटा अतिरिक्त समय दिया जायेगा. नेत्रहीन परीक्षार्थियों के लिए पूर्व की भांति गणित के स्थान पर गृह विज्ञान एवं विज्ञान के स्थान पर संगीत विषय की परीक्षा पुराने पाठ्यक्रम के आधार पर पूर्ववत ली जायेगी.
प्रशासन की रहेगी पैनी नजर
परीक्षा संचालन को लेकर प्रशासन द्वारा विधि व्यवस्था संधारण हेतु स्टैटिक दंडाधिकारी, महिला पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. तीनों परीक्षा केंद्रों के लिए गश्ती दल के दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्ति किये गये हैं, जबकि प्रश्न पत्रों के रख-रखाव व निकासी हेतु दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गये हैं. निर्देश के आलोक में परीक्षार्थियों की शारीरिक जांच गेट पर ही होगी. प्रवेश पत्र व लेखन सामग्री के अलावा कोई भी समान उनके पास नहीं रहेगा. परीक्षा के दौरान धारा 144 लागू रहेगी.
मोबाइल पर रहेगी पाबंदी
सभी केंद्राधीक्षक व प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिनियुक्त शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी अपने साथ परीक्षा कार्य से संबंधित वैध कागजात के अलावा कोई अन्य कागजात परीक्षा केंद्र पर नहीं ले जाएं. मोबाइल फोन परीक्षा के दौरान पूर्णत: बंद रहेगा. आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें परीक्षार्थी : अपने -अपने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी कम-से-कम आधा घंटा पहले पहुंचने का प्रयास करें. संभव है किसी-न-किसी कारण से शहर में भीड़ लग जाये तथा जाम हो जाये.
क्या करें परीक्षार्थी
शांत मन से परीक्षार्थी परीक्षा दें. किसी भी टेंशन में न रहें. पहले प्रश्न पत्र को शांत होकर पढ़े तथा सबसे पहले अपने विचार से आसान प्रश्न का ही जवाब दें.
