आक्रोश : सिधवलिया प्रखंड कार्यालय के स्थानांतरण का किया गया विरोध
सिधवलिया : प्रखंड कार्यालय के स्थानांतरण के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. सैकड़ों की संख्या में इलाके के लोग प्रखंड मुख्यालय पर पहुंच कर अर्धनग्न प्रदर्शन किया.
अर्धनग्न प्रदर्शन के दौरान विधायक और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. सिधवलिया में दर्जनों गांव के लोग सड़क पर उतर कर अर्धनगA प्रदर्शन बाजार से करते हुए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचे और प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी कर नारेबाजी करने लगे. प्रदर्शन और हंगामा के कारण कामकाज ठप हो गया.
कर्मचारी कार्य छोड़ कर भाग निकले. यहां तक की आरटीपीएस काउंटर भी बंद हो गया. तीन घंटे तक प्रखंड कार्यालय को बाधित रखने के बाद सिधवलिया बलडिहा पथ को घंटों जाम रखा, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी थी.
आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया था. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्थानीय विधायक के दबाव में बुचेया, सिधवलिया से पंजीकृत प्रखंड कार्यालय को महम्मदपुर में ले जाना चाहते हैं. जिसे हम कभी पूरा नहीं होने देंगे.
विधायक गलत तरीके से माधोपुर के जमीन पर बने प्रखंड कार्यालय में स्थानांतरित कराना चाहते हैं. तत्कालीन सीएम लालू प्रसाद ने सिधवलिया में प्रखंड कार्यालय स्थापित कर हम सभी को रोजी-रोटी का अधिकार दिया. अब उसे विधायक छिनना चाहते हैं. भले ही इसके लिए हमें कुरबानियां देनी पड़े.
लेकिन, हम पीछे नहीं हटेंगे. आंदोलन का नेतृत्व भरत सिंह उर्फ अन्ना हजारे, संतोष पटेल, पारसनाथ गुप्ता, प्रभुनाथ गुप्ता, व्यास सिंह, डॉ कृष्ण बिहारी यादव, अजरुन कुमार, कैसर अली, जितेंद्र कुमार, अजीत सिंह,पारसनाथ गुप्ता आदि ने किया.
आज से शुरू होगा घेरा डालो, डेरा डालो आंदोलन : प्रखंड कार्यालय के स्थानांतरण के खिलाफ गुरुवार से घेरा डालो, डेरा डालो आंदोलन की शुरुआत होगी.
जिसमें प्रखंड कार्यालय सिधवलिया का घेराव कर कामकाज को ठप किया जायेगा. रात में भी आंदोलनकारी प्रखंड कार्यालय को घेरे रखेंगे.
प्रखंड के कैंपस में ही खाना बना कर खायेंगे और रात में यही सोयेंगे. जब तक प्रखंड कार्यालय के स्थानांतरण को रोका नहीं जाता तब तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है.
मांग पत्र डीएम और राज्यपाल के नाम से भेज कर अपील किया गया है कि प्रखंड कार्यालय का स्थानांतरण जनहित में रोक दिया जाये.
बैकुंठपुर : महम्मदपुर-लखनपुर पथ पर दिघवा दुबौली में उपभोक्ताओं ने बिजली के लिए जम कर प्रदर्शन किया.
पावर बढ़ाने तथा सप्लाइ पर्याप्त देने की मांग कर रहे लोगों का नेतृत्व मोहन सिंह पहलवान ने किया. इस दौरान बिजली कंपनी के खिलाफ जम कर नारेबाजी की.
चेताया गया कि यदि पावर नहीं बढ़ा, तो ग्रिड में तालाबंदी करेंगे. प्रदर्शन के कारण ब्लॉक मोड़ चार घंटे जाम रहा. सीओ इंदू भूषण श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंच कर जाम हटवाया. मौके पर भीम सिंह, संदीप कुमार मो नसीम, रजनीश यादव आदि शामिल थे.
