बैकुंठपुर. विधानसभा चुनाव को लेकर की जा रही विशेष निगरानी के दौरान शनिवार की रात पुलिस ने हरदिया चेकपोस्ट पर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. तलाशी के दौरान पुलिस ने एक कार से 291 लीटर यानी 1620 बोतल विदेशी शराब बरामद की और कार को जब्त कर लिया. थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि हरदिया मोड़ स्थित एनएच-101 पर सीवान एवं गोपालगंज जिलों की सीमा पर चेकपोस्ट बनाया गया है, जहां 24 घंटे वाहनों की जांच की जा रही है. शनिवार की रात ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने एक संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया. तलाशी के दौरान कार की डिक्की में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब पायी गयी. इस संबंध में सब इंस्पेक्टर विजय कुमार के बयान पर थाने में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस अब शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े बड़े कारोबारियों की पहचान में जुटी है. इसी क्रम में रविवार को रेवतिथ गांव में भी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. इस दौरान बाजार की ओर ले जायी जा रही 15 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. सब इंस्पेक्टर संजय सिंह के नेतृत्व में की गयी कार्रवाई में उत्पाद अधिनियम के तहत एक और प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
