पिस्टल और कारतूस बरामद, पूछताछ के बाद भेजा गया जेल
भोरे : विजयीपुर पुलिस को उस समय एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब उसने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने आये यूपी के कुख्यात अपराधी नारायण शंकर तिवारी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद की है. पूछताछ के बाद पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया. गिरफ्तार अपराधी के ऊपर यूपी के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. हालांकि, अभी इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि नारायण शंकर तिवारी के गोपालगंज आने का मकसद क्या था. बताया जाता है कि विजयीपुर थानाध्यक्ष खालिद अख्तर को यह गुप्त सूचना मिली कि नौतन मोड़ के पास स्थित संजय लाल के पान के दुकान के पास एक व्यक्ति खड़ा है, जिसकी कमर में हथियार है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपने हमराहियों के साथ नौतन मोड़ स्थित संजय लाल के दुकान के पास पहुंचे,
पुलिस को देखते ही उक्त व्यक्ति वहां से खिसकने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसकी कमर से पुलिस ने एक पिस्टल और दो गोलियां बरामद हुईं. पकड़ा गया व्यक्ति यूपी के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाने के रामपुर तिवारी गांव निवासी नारायण शंकर तिवारी है, जो फिलहाल गोरखपुर जिले के शाहपुर थाने के राप्तीनगर रेल बिहार फेज चार में रहता है. बता दें कि नारायण शंकर तिवारी के ऊपर यूपी के देवरिया और गोरखपुर जिले में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
