72 करोड़ की धनवर्षा, बाजार गुलजार

गोपालगंज : सुख-समृद्धि की कामना के साथ मंगलवार को जिले में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी. मौका था धनतेरस पर्व का. वाहन बाजार, बर्तन भंडार, इलेक्ट्राॅनिक्स की दुकानों में देर रात तक खरीद-बिक्री हुई. धनतेरस पर लगभग 72 करोड़ का कारोबार हुआ है. धनतेरस में खरीद करने की पौराणिक मान्यता है. नयी वस्तुओं को खरीद […]

गोपालगंज : सुख-समृद्धि की कामना के साथ मंगलवार को जिले में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी. मौका था धनतेरस पर्व का. वाहन बाजार, बर्तन भंडार, इलेक्ट्राॅनिक्स की दुकानों में देर रात तक खरीद-बिक्री हुई. धनतेरस पर लगभग 72 करोड़ का कारोबार हुआ है. धनतेरस में खरीद करने की पौराणिक मान्यता है.
नयी वस्तुओं को खरीद कर लोग सुख, समृद्धि और वैभव की कामना करते हैं. सोने-चांदी के आभूषण, कार, बाइक, बर्तन, गृह उपयोगी सामान की जम कर खरीदारी हुई. इस अवसर पर कपड़ा, मूर्ति और अन्य सामान की भी बिक्री हुई. धनवर्षा से पूरा बाजार गुलजार रहा. धनतेरस पर वाहन बाजार में खरीदारों की धमाचौकड़ी मची रही. कारों की बिक्री जहां परवान पर रही, वहीं किसानों ने ट्रैक्टर खरीदे.
मारुति, हुंडई के शोरुम में जहां भीड़ लगी रही, वहीं महिंद्रा भी बिक्री में कम नहीं रही. जिले में डेढ़ सौ से अधिक चरपहिये की जहां बिक्री के अनुमान लगाये गये हैं, वहीं 30 से 40 ट्रैक्टर भी बिके. चरपहिया और ट्रैक्टर बाजार इस धनतेरस 35 करोड़ को पार कर गया. धनतेरस के अवसर पर बाइक बाजार परवान पर रहा. दोपहिया वाहनों के शोरूम में खरीदारों का सैलाब उमड़ पड़ा. विभिन्न कंपनियों की बाइकें पहले ही बुक हो गयी थीं.
मंगलवार को वाहनों को उठाने के लिए सुबह ही से लोग पहुंचने लगे थे. अकेले दोपहिया बाजार मंगलवार को पांच करोड़ के ऊपर रहा.
ज्वेलरी दुकानों में ग्राहकों की भीड़ हटने का नाम नहीं ले रही थी. सोने, चांदी में बांबे और राजस्थानी आभूषण की भरमार रही. चमकीले आभूषणों की खरीदारी में लोगों का ज्यादा रुझान रहा. देवी-देवताओं के पूजन के लिए चांदी से निर्मित थाल की खरीदारी भी हुई. अनुमान के मुताबिक जिले में सर्राफा व्यवसाय 29 करोड़ पार कर गया.
4.5 करोड़ से अधिक का बर्तन कारोबार : धनतेरस पर बर्तन खरीदने की मान्यता है. लोगों ने स्टील, फूल, पीतल, तांबे के बर्तन खरीदे. कुकर, ग्लास, कटोरी, चम्मच, थाली, पूजन के बर्तन, बर्तन स्टैंड, इंडक्शन चूल्हा, कुकिंग गैस चूल्हा आदि खूब बिके. बर्तन का बाजार 4.5 करोड़ से अधिक का रहा.
इलेक्ट्राॅनिक बाजार भी रहा गुलजार : घरेलू सामान में फ्रिज, टीवी, एलसीडी, वाशिंग मशीन, आयरन, जूसर-मिक्सर, पंखे आदि की जम कर बिक्री हुई. ग्राहक के पहुंचते ही उससे मुखातिब होना और फिर उत्पादों को दिखाना शामिल रहा. इलेक्ट्रॉनिक बाजार 3.5 करोड़ से अधिक का रहा. लकड़ी, प्लास्टिक और लोहे से निर्मित सामान की भी खूब बिक्री हुई जिसमें सोफा खरीदने के लिए लगी भीड़.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >