पुलिस ने शव को बरामद कर शुरू की जांच
गोपालगंज : नगर थाने के साधु चौक के समीप ऑर्केस्ट्रा में काम करनेवाली युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. पुलिस ने सोमवार की सुबह कमरे से शव को बरामद किया. मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले की निवासी काजल सरकार (23) के रूप में की गयी है.
मृतका के पति ने इस मामले को लेकर पुलिस को पारिवारिक कलह में सुसाइड करने की बात बतायी है. वहीं, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक काजल ऑर्केस्ट्रा में नर्तकी का काम करती थी और वह पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान जिले की निवासी थी. पुलिस के मुताबिक पारिवारिक कलह में युवती ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली है.
वहीं, मृतका के पति बापन सरकार के मुताबिक ढाई साल पहले दोनों की शादी हुई थी. पति ने पुलिस को दिये अपने बयान में बताया है कि मृतका के माता-पिता नहीं हैं और दोनों गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा में काम करते थे. बापन ने बताया कि रविवार की शाम दोनों के बीच किसी मामूली बात पर विवाद हुआ था. काजल ने घर में अकेले होने के दौरान फांसी लगा कर सुसाइड किया है, जबकि विवाद के बाद पति बाजार गया था. घर वापस लौटने पर बापन ने आनन-फानन में काजल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शरीर पर चोट के निशान : सदर अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक मृतका के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान हैं जिससे लगता है कि आत्महत्या से पहले उसके साथ मारपीट भी की गयी है. नगर थाना इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि मृतका के गले में वीशेप का निशान मौजूद होने से प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है. फिलहाल पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.
