गड्ढा खोदाई करने पर मिलेगी प्रथम किस्त
की राशि
गोपालगंज : नगर पर्षद ने शौचालय विहीन घरों में शौचालय बनवाने के लिए तेजी से काम शुरू किया है. इसके लिए चयनित और आवेदित लाभुकों का एकरारनामा फॉर्म भरवाने का काम शुरू कर दिया गया है. अब तक छह से अधिक फाॅर्म भरे जा चुके हैं. गौरतलब है कि शहर में कुल 3900 सौ शौचालय विहीन घर हैं. सभी लोगों को शौचालय बनवाने का काम पूरा करना है. इसके लिए नगर पर्षद ने प्रथम दौर में ढाई हजार लोगों का शौचालय बनवाने का लक्ष्य रखा है. इनमें से 955 लोगों को इसका लाभ दिया जा चुका है. शेष लोगों को लाभ देने के लिए एकरारनामा फॉर्म भरवाये जा रहे हैं. फॉर्म भरने के बाद लाभुकों को गड्ढा खोदवाना पड़ेगा. इसके बाद उन्हें प्रथम किस्त की राशि दी जायेगी. प्रथम किस्त की राशि 7500 रुपये दी जायेंगे. शेष रुपये काम पूरा होने के बाद मिलेगा.
एक लाभुक को मिलेंगे 12 हजार : शौचालय निर्माण कराने पर एक लाभुक को अनुदान के रूप में 12 हजार की राशि मिलनी है. प्रथम किस्त गड्डा खोदवाने के बाद 7500 रुपये मिलेंगे. काम पूरा हो जाने के बाद शेष 4500 की राशि लाभुक को प्राप्त होगी. अनुदान राशि का भुगतान बैंक खाते के माध्यम से किया जायेगा.
एकरारनामा कराने का काम शुरू
एक नजर में शौचालय व लक्ष्य
कुल वार्ड – 28
शौचालय विहीन घर – 3953
इस सत्र में शौचालय बनवाने का लक्ष्य – 2500
शौचालय के लिए वर्क ऑर्डर – 955
शेष शौचालय के लिए लाभान्वित होनेवालों की संख्या – 1445
क्या कहता है नगर पर्षद
शौचालय विहीन घरों में शौचालय बनवाने के लिए चयनित लाभुकों का एकरारनामा फॉर्म भरवाया जा रहा है. जल्द ही शौचालय के लिए उनसे गड्डा खुदवाया जायेगा तथा प्रथम किस्त की राशि भुगतान कर दी जायेगी. दो माह में शौचालय निर्माण का कार्य पूरा करा लेना है.
ज्योति कुमार श्रीवास्तव, इओ, नप गोपालगंज
