गोपालगंज : अपनी शादी का कार्ड बांटने के लिए निकले छपरा के युवक की सड़क हादसे में मौत हो गयी, जबकि मृतक का बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसा मांझा थाना क्षेत्र के भोजपुरवां गांव के पास एनएच 28 पर साइकिल सवार को बचाने के क्रम में हुआ. मृत युवक छपरा के अमनौर थाना क्षेत्र के अमनौर गांव निवासी कलामुल्लाह आलम का 30 वर्षीय पुत्र फिरोज आलम था. वह टेलर का काम करता था. उसकी शादी छह जुलाई को ही होनी थी. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. सदर अस्पताल से पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. वहीं, मृतक के घायल बहनोई सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ निवासी फिरोज आलम को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया.
डॉक्टर पर इलाज नहीं करने का आरोप
घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भरती कराया गया. हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया.
परिजनों ने कहा कि इमरजेंसी वार्ड में सही तरीके से उपचार नहीं हो सका, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी. परिजनों ने कहा कि ब्लड बैंक के आयुष चिकित्सक इलाज कर रहे थे. इस मामले को लेकर जिलाधिकारी के पास मोबाइल पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है. जिस युवक की मौत हुई, वह अपनी ही शादी का कार्ड बांटने के लिए गोपालगंज आ रहा था. हादसे के बाद फिरोज के घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गयी हैं. देर शाम तक सदर अस्पताल में मृतक के संबंधी और रिश्तेदारों के पहुंचने का सिलसिला जारी था.
