पूर्वी चंपारण जिले का रहनेवाला है युवक
गोपालगंज : शहर में नशा खिलानेवाले गिरोह का आतंक बढ़ गया है. पिछले एक सप्ताह में नशा खिला कर लूटपाट करने की तीसरी वारदात गुरुवार की रात हुई. बहन का रिश्ता तय कर घर लौट रहे भाई को गिरोह ने शिकार बनाया. लूटपाट करने के बाद बेहोशी हालत में सड़क किनारे फेंक दिया. पीड़ित युवक के ममेरे भाई ने उसे सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भरती कराया. युवक की पहचान मोतिहारी जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के गोगरी गांव निवासी सोहरसा महतो के पुत्र दीनानाथ महतो के रूप में की गयी. पीड़ित युवक के ममेरे भाई पीपराकोठी निवासी चंदेश्वर कुमार ने बताया कि यूपी के तमकुही से बहन का रिश्ता तय कर लौट रहा था.
गोपालगंज जंकशन के पास पहुंचते ही देर रात तीन-चार युवकों ने नशा खिला कर लूटपाट की. विरोध करने पर मारपीट भी की गयी. मोबाइल व करीब दो हजार रुपये लूट लिये जाने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया. आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी. ममेरे भाई ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया. अस्पताल के चिकित्सक डॉ आरके सिंह ने इलाज के बाद पीड़ित युवक की स्थिति खतरे से बाहर बतायी. स्टेशन के पास रहनेवाले स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर थाना पुलिस की गश्ती इधर नहीं की जाती है. पुलिस के सक्रिय नहीं रहने के कारण आये दिन भोले-भाले यात्रियों के साथ लूटपाट की जाती है.
